उज्जैन। इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। गुरुवार को नदी का पानी बढ़ने से घाटों के किनारे स्थित कुछ मंदिरों में पानी प्रवेश कर गया। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे का नजारा पूरी तरह बदल गया और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी।
रामघाट क्षेत्र में पुराने पुल को तोड़कर उस स्थान पर जो नया पुल बनाया जा रहा है उस निर्माणाधीन पुल का बड़ा हिस्सा भी पानी में डूब गया। पुल का केवल ऊपरी भाग ही दिखाई दे रहा था, जबकि इसके पिलर भी जलमग्न हो गए। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुल निर्माण का कार्य फिलहाल रोक दिया गया है।
प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए निर्माणाधीन पुल की ओर बैरिकेडिंग कर दी है, ताकि कोई व्यक्ति पुल के रास्ते नदी पार करने का प्रयास न करे। नदी तट पर होमगार्ड और एसडीआरएफ के जवान तैनात किए गए हैं तथा लोगों को नदी के किनारे जाने से रोका जा रहा है।