इंदौर।इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे का मोबाइल हैक हो गया। उनके वाट्सऐप का इस्तेमाल कर उनके परिचितों से पैसों की डिमांड की जा रही थी। जब उन्हें इसका पता चला तो वे तुरंत क्राइम ब्रांच पहुंचे और मामले की शिकायत की।
हैकर ने उनके वाट्सऐप से ही उनके परिचितों को मैसेज कर दिए कि उन्हें पैसों की जरूरत है इसलिए वे पैसे भेजे। हैकर ने 50 से 55 हजार रुपए तक की डिमांड कर दी। चिंटू चौकसे ने बताया कि वे मंगलवार को अपने वार्ड में थे और काम कर रहे थे।इस दौरान उन्हें एक कॉल आया और सामने वाले ने कहा कि उनका पार्सल आया है, लेकिन पार्सल वाले को एड्रेस (लोकेशन) नहीं मिल रहा है आप इस नंबर पर कॉल करके लोकेशन बता दो।पहले तो चिंटू चौकसे को भी आश्चर्य हुआ, क्योंकि उन्होंने कोई ऑर्डर नहीं किया था, फिर उन्हें लगा कि कोई टी-शर्ट का एक्सचेंज होगा। हो सकता है उसे एड्रेस नहीं मिल रहा है। इस पर चिंटू ने संबंधित द्वारा दिए नंबर पर दो से तीन बार कॉल कर दिया, लेकिन उसका फोन नहीं लगा। फोन नहीं लगने पर वे भी अपने काम में लग गए।