शाजापुर। बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण असंतुलन के बीच प्रकृति को सहेजने की एक सार्थक पहल शाजापुर में शुरू हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम महाभियान के तहत क्षेत्रीय विधायक अरुण भीमावत ने शुक्रवार को स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ पौधारोपण कर हरित और स्वच्छ शाजापुर का संदेश दिया।
इस दौरान महज रस्म अदायगी के लिए पौधे नहीं रोपे गए, बल्कि विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अगले तीन सालों तक उनकी एक मां की तरह परवरिश करने का दृढ़ संकल्प भी लिया। अभियान की शुरूआत सुबह 9.30 बजे हिंद जूनियर कॉलेज से हुई, जहां 21 पौधे रोपे गए। इस दौरान नगर मंडल अध्यक्ष आशीष सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। विद्यालय की डायरेक्टर मधु भीमावत, प्राचार्य प्रीति सिंह और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ पौधारोपण किया और पौधों के संरक्षण का जिम्मा लिया। इसके बाद विधायक भीमावत कौटिल्य एजुकेशन एकेडमी पहुंचे। यहां संस्था के डायरेक्टर ब्रजेश यादव, शशि यादव, प्राचार्य नरेंद्र और विद्यार्थियों के साथ मिलकर 21 पौधे लगाए गए। यहां भी स्कूल प्रबंधन और बच्चों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
चारदीवारी वाले संस्थानों में ही लगेंगे पौधे
इस दौरान विधायक अरुण भीमावत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा सबसे बड़ा नैतिक दायित्व है। एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रत्येक नागरिक को अपनी मां और मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है। विधायक ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष विधानसभा क्षेत्र के उन्हीं विद्यालयों और संस्थानों में पौधारोपण किया जाएगा, जहां चारदीवारी और सिंचाई की समुचित व्यवस्था हो। साथ ही संबंधित संस्था को कम से कम तीन वर्षों तक पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी लेनी होगी।