उज्जैन। मक्सीरोड वार्ड क्रमांक 40 की पार्षद के मकान में शुक्रवार देर शाम लाखों की चोरी होना सामने आया। जानकारी मिलने पर पुलिस जांच के लिये मौके पर पहुंची, पता चला कि दिन में मकान के सामने कार खड़ी थी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश कार से आये थे। आसपास कैमरों के फुटेज देखे जा रहे है।
पंवासा थाना क्षेत्र के ग्राम माधोपुरा में पार्षद जानीबाई पति सत्यनारायण राठौर वर्तमान में निवास कर रही है। उनका मकान मेनरोड है, जिसका निर्माण कार्य चलने पर उन्होने माधोपुरा में मकान लिया है। शुक्रवार को पिता की तबीयत खराब होने पर बॉम्बे अस्पताल गई थी। वहीं परिवार के अन्य सदस्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिये इंदौर चले गये थे। देर शाम परिवार वापस लौटा तो मकान का ताला टूटा हुआ था। सोने-चांदी के आभूषणों और 50 हजार से अधिक चोरी होने की खबर पंवासा थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई को मिली तो टीम के साथ जांच के लिये माधोपुरा पहुंचे। इस दौरान पता चला कि चोरी की वारदात दिनदहाड़े हुई है। दोपहर डेढ़ से 2 बजे के लगभग एक कार मकान के सामने खड़ी देखी गई है। आंशका जताई गई बदमाश संभवत: कार से आये है। थाना प्रभारी के अनुसार फिलहाल वारदात स्थल के आसपास कैमरे नहीं लगे है। माधोपुरा में आने और जाने वाले मार्गो पर लगे कैमरों के फुटेज देखने का प्रयास किया जा रहा है।
चिमनगंज क्षेत्र में 2 दुकानों में वारदात
चिमनगंज थाना क्षेत्र की कृषि उपज मंडी में बुधवार-गुरूवार रात 2 दुकानों में चोरी की वारदात होना सामने आया है। जांच के बाद शुक्रवार को पुलिस ने मामले में अज्ञात बदमाश के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। बताया जा रहा है कि मंडी परिसर से लगी एक दुकान नमकीन की है, दूसरी दुकान अनाज की है। बदमाश अनाज दुकान से कैमरों का डीवीआर ले गया है। नमकीन दुकान से 10 सौ रूपये नगद और नमकीन चोरी हुआ है। थाना प्रभारी विवेक कनोडिया के अनुसार मंडी परिसर और मार्ग पर लगे कैमरों से बदमाशों का पता लगाने के प्रयास किये जा रहे है।
वार्ड क्रमांक 40 की पार्षद के मकान में लाखों की चोरी -बदमाशों के कार से आने की संभावना, पुलिस खंगाल रही कैमरे