कॉलेज परिसर में किया हमला, दूसरे युवक से सबंध को लेकर हुआ था विवाद
ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर के सुगनीदेवी कॉलेज परिसर में गंभीर हालत में मिली युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती को राहगीरों ने घायल अवस्था में एमवाय अस्पताल पहुंचाया था। उसके हाथों और शरीर पर कई टैटू बने हुए थे, वहीं शरीर पर ब्लेड से काटने के निशान भी पाए गए थे। शुरूआती जांच में डॉक्टरों को उसके साथ ज्यादती की आशंका हुई, जिसके चलते सैंपल भी लिए गए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती पर हमला उसके लिव-इन पार्टनर ने किया था। आरोपी ने हत्या की नीयत से पत्थर से वार किया था। देर रात इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।
टीआई आरडी कानवा की टीम ने इस मामले में युवती के दोस्त मुकेश कोरी (45) (निवासी तीन पुलिया) को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक युवती और मुकेश कुछ समय से साथ रह रहे थे और दोनों नशे के आदी थे। शनिवार को दोनों के बीच विवाद हुआ था। मुकेश युवती का खर्च उठाता था और उसे शक था कि युवती के अन्य युवकों से अवैध संबंध हैं। नशे की हालत में उसने खाली मैदान में युवती पर पत्थर से हमला किया और उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि युवती मूल रूप से इटारसी की रहने वाली थी और पिछले कुछ वर्षों से इंदौर में रह रही थी। उसके शरीर पर कई टैटू गुदे हुए थे। शुरूआत में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन युवती की मौत के बाद अब पुलिस धाराएं बढ़ाकर हत्या का केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। मुकेश ने पुलिस को बताया कि बीते चार दिनों से युवती उसके साथ रह रही थी। शुक्रवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे दोनों ने परदेशीपुरा इलाके से अवैध शराब खरीदी और पी। इसके बाद वे एक ग्राउंड में बैठ गए। इसी दौरान युवती के अन्य लोगों से संबंधों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। नशे की हालत में मुकेश ने पत्थर उठाकर युवती के सिर और मुंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और मौके से फरार हो गया।