उज्जैन। शहर की बदहाल सड़कों, गंदे पानी की आपूर्ति और नगर निगम की कथित पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के विरोध में शहर कांग्रेस ने मंगलवार को बारिश के बीच नगर निगम का घेराव किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोयला फाटक चौराहे से निगम मुख्यालय तक पैदल मार्च निकालकर नारेबाजी की और अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस ने सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाया। मुकेश भाटी ने कहा कि आम नागरिकों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि भाजपा नेताओं के अतिक्रमण पर निगम मौन है। उन्होंने सती गेट–छत्रीचौक मार्ग और नयापुरा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस ने जयसिंहपुरा में होटल के साथ आवास सील किए जाने को भी अन्यायपूर्ण बताते हुए प्रभावित परिवार को राहत देने की मांग उठाई। साथ ही शहर की जर्जर सड़कें, पेयजल समस्या और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने महापौर और भाजपा बोर्ड को निष्क्रिय बताते हुए कहा कि कई वार्डों में लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं, लेकिन समाधान के लिए प्रभावी
कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। प्रदर्शन में अजीत सिंह ठाकुर, राजेश राणा, धीरज यादव, अभिषेक शर्मा, आनंद मीणा अर्पित दुबे, देवव्रत यादव, चंद्रभान सिंह चंदेल, सुनील कछवाय, दुर्गेश धवन, बबलू खींची, संचित शर्मा, अर्पित यादव, भूरू गोड़, विकास मालवीय, देवेंद्र पाटनी, चैन सिंह चौधरी, नाजिया बी, इरशाद कुरैशी, आत्माराम मालवीय, राहुल लोट, जाहिद हुसैन, फिरोज पठान, अनवर नागोरी, अनवर बाबा, श्याम जटिया, कृष्णा यादव, इंदर सिंह कुशवाह, परमानंद मालवीय, सोनिया ठाकुर, सीमा पटेल,असलम भाई, वरुण शर्मा, वीरेंद्र गोसर, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व वार्डवासी उपस्थित थे।