मारपीट में घाल 80 साल के बुजुर्ग की 3 दिन बाद मौत
-पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बढ़ाई जायेगी हत्या की धारा
उज्जैन। 80 साल के बुजुर्ग के साथ पड़ोसी द्वारा मारपीट की गई थी। घायल वृद्ध को उज्जैन से उपचार के लिये इंदौर ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद घर ले जाने की सलाह दी थी। रविवार दोपहर को वृद्ध की मौत हो गई। आज पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम कराया जायेगा।
भैरवगढ़ क्षेत्र के ग्राम सोडंग में रहने वाले गोपाल पिता पूना परमार 80 साल के साथ 5 मार्च को देर शाम पड़ोस में रहने वाले कमल ने शराब के नशे में बुरी तरह मारपीट की थी। कमल ने सीने पर बैठ मुक्के मारे थे। बुजुर्ग गंभीर घायल हो गया था। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां से उपचार के लिये इंदौर ले जाया गया था। लेकिन डॉक्टरों ने एक दिन उपचार के बाद परिवार को घर पर ही सेवा करने की बात कहकर छुट्टी दे दी थी। परिवार उन्हे घर ले आया था। इस बीच रविवार दोपहर गोपाल परमार की मौत हो गई। परिवार ने बुजुर्ग की मौत होने की सूचना भैरवगढ़ थाना पुलिस को दी। पुलिस पूर्व में मारपीट का मामला दर्ज कर चुकी थी। मौत होने पर मर्ग कायम किया गया और शाम को शव पोस्टमार्टम के लिये चरक अस्पताल लाया गया। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जायेगा। रिपोर्ट मिलने पर मारपीट के मामले में हत्या की धारा बढ़ाई जायेगी।
पत्नी के उकसाने पर की थी मारपीट
बताया जा रहा है कि कमल शराब पीने का आदी है। उसका परमार परिवार से पुराना विवाद भी था। 5 मार्च को कमल नशा कर घर लौटा था और पत्नी अनिता, बेटी निर्मला से विवाद करने लगा था। इस दौरान पत्नी ने बोला कि हमारे साथ विवाद, मारपीट करने से अच्छा पड़ोसी से विवाद है, उसे मारो। नशे में कमल गोपाल परमार के घर पहुंच गया। जहां उसके बेटे से पुराना विवाद था। बेटा नहीं मिला तो उसने गोपाल परमार के साथ ही मारपीट कर दी थी। बुजुर्ग गोपाल की मौत होने पर परिजनों ने बताया कि 2 बच्चों के पिता थे। बुजुर्ग अवस्था के चलते काम नहीं करते थे, दिनभर घर पर ही रहते थे। बताया यह भी जा रहा है कि बुजुर्ग की मौत होेने पर मारपीट करने वाले कमल को पुलिस ने राउंडअप कर लिया गया है।
मारपीट में घायल 80 साल के बुजुर्ग की 3 दिन बाद मौत -पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बढ़ाई जायेगी हत्या की धारा