उज्जैन। महाकाल दर्शन के बाद वापस टेÑन से लौट रहे परिवार की महिला का पर्स बदमाश ने चोरी किया और चलती ट्रेन से कूदकर भाग निकला। मामले में जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
महाराष्ट्र के ठाणे की रहने वाली संगीता पति सोहन वर्मा 42 साल परिवार के साथ 20 जून को महाकाल दर्शन करने उज्जैन आई थी। परिवार ने 2 दिनों तक देवदर्शन किये। उसके बाद वापस मुम्बई लौटने के लिये रेलवे स्टेशन पहुंचे और बांद्रा टर्मिनल्स स्पेशल ट्रेन में सवार हुये। प्लेटफार्म से ट्रेन के रफ्तार पकड़ते ही पहले से कोच में सवार बदमाश ने संगीता का पर्स चोरी किया और भागता हुआ ट्रेन से कूदकर भाग निकला। संगीता ने शोर भी मचाया लेकिन यात्री कुछ समझ पाते उससे पहले बदमाश भागने में सफल हो गया। संगीता की शिकायत पर जीआरपी ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। जीआरपी सीसीटीवी कैमरों से बदमाश का पता लगाने के प्रयास कर रही है। बदमाश द्वारा चोरी किये गये पर्स में 20 हजार रूपये, चांदी के आभूषण और अन्य सामान रखा होना सामने आया है।
चार यात्रियों के चोरी गये मोबाइल
चलती ट्रेन और प्लेटफार्म से चार यात्रियों के मोबाइल-पर्स चोरी के मामले भी जीआरपी के पास पहुंचे है। मंगलवार को धनंजय कुमार गोसाई निवासी बरहरिया सौना जिला सीवान बिहार का मोबाइल प्लेटफार्म 1 पर से अज्ञात बदमाश ने चोरी कर लिया। धनंजय सोमवार को धनबाद जाने के लिये स्टेशन पहुंचा था। मोबाइल और पर्स की वारदात मोहित सोमवंशी निवासी ठाणे महाराष्ट्र के साथ भी प्लेटफार्म नम्बर 1 पर हुई। पर्स में 5 हजार रूपये रखे थे। इसी प्रकार रतलाम से ग्वालियर का सफर कर रही आरती पिता दिलीपसिंह चौधरी निवासी बिरला नगर ग्वालियर का चलती ट्रेन में 20 जून कोच एस-5 से बदमाश ने मोबाइल चोरी कर लिया। चौथा मामला शेखर पिता राजू लोधी निवासी नयापुरा सिहोर के साथ हुआ। शेखर महाकाल दर्शन करने भगत की कोठी एक्सप्रेस के जनरल कोच से आ रहा था। उसी दौरान बदमाश ने मोबाइल चोरी कर लिया।
महिला यात्री का पर्स चोरी कर ट्रेन से कूदा बदमाश