उज्जैन। पिछले कुछ दिनों के दौरान नागदा में हुई चोरी की तीन वारदातों में शामिल बागरी समुदाय गिरोह के पांच बदमाशों को पुलिस ने हिरासत में लिया तो उनसे 6 चोरी की वारदातों का खुलासा हो गया। बदमाशों को रिमांड पर लेकर 9 लाख से अधिक का सामान बरामद किया गया है।
नागदा थाना निरीक्षक अमृतलाल गवरी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में चोरी के तीन मामले सामने आये थे। जिसमें एक खेत से पानी मोटर, तांबे की केबल, ट्रांसफार्मर से आॅयल और एक दुकान से किराना सामान चोरी हुआ था। कुछ दिनों के अंतराल में हुई तीनों चोरी के मामले में बदमाशों का सुराग तलाशने ेके लिये टीम गठित की गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने के साथ मुखबीर तंत्र को अलर्ट कर सायबर टीम की मदद ली गई। सुराग मिलते ही बागरी समुदाय के पांच बदमाशों जितेन्द्र पिता अशोक 22 वर्ष ग्राम रोहल खुर्द, नवल सिंह उर्फ भोला पिता भंवर 24 वर्ष निवासी ग्राम भाडला, कन्हैया उर्फ कान्हा पिता समर्थ 24 वर्ष निवासी ग्राम रोहल खुर्द, करण पिता सेवाराम 35 वर्ष निवासी झांझाखेड़ी और दीपक पिता नरसिंग्र 27 वर्ष, निवासी झांझाखेड़ी, नागदा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान सभी ने तीनों चोरी की वारदात करना कबूल कर लिया। आरोपियों से तीनों चोरी का माल बरामद कर अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ शुरू की गई तो पूर्व में की गई 3 चोरी की वारदातों का ओर सुराग मिल गया। पांचों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया और पूर्व में की गई चोरियों का सामान भी बरामद कर लिया गया। बागरी समुदाय के बदमाश गिरोह से 9 लाख 64 हजार का सामान 2 पानी की मोटर, ट्रांसफार्मर से चुराया आॅयल, किराना सामान के साथ चोरी में प्रयुक्त कार के साथ ट्रेक्टर जप्त किया गया है। शुक्रवार को रिमांड अवधि समाप्त होने पर सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।
कार से निकलते, ट्रेक्टर में भरते सामान
लगातार चोरी की वारदात करने वाले बागरी गिरोह ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह चोरी के लिये कार के साथ ट्रेक्टर लेकर निकलते थे। पहले सूनसान खेत देखते थे फिर चोरी के बाद ट्रेक्टर में सामान रखकर निकल जाते थे। ट्रेक्टर में पानी की मोटर, आॅयल की केन रखी होने पर कोई शंका नहीं करता था। रास्ते में सूनसान क्षेत्र में दुकान देखकर वहां भी चोरी को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार बदमाशों से बाइक चोरी का भी खुलासा हुआ है।
-बागरी समुदाय के बदमाशों से खुला 6 चोरियों का राज खेतों से मोटर-ट्रांसफार्मर से आॅयल करते थे चोरी