पशु चिकित्सक हत्याकांड में भतीजों से पूछताछ जमीन के साथ रिश्ता तुड़वाने का भी सामने आया विवाद

उज्जैन। पशु चिकित्सालय से सेवानिवृत्त डॉक्टर की शनिवार-रविवार रात हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक होना सामने आने पर पुलिस ने भतीजों को हिरासत में लिया है। जमीन विवाद के साथ रिश्ता तुड़वाने की बात सामने आई है, लेकिन हत्या के पुख्ता सुराग नहीं मिल पाये है।
घट्टिया थाना क्षेत्र बस स्टेंड के पास सांवरिया सदन में रहने वाले सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक गजराज पिता किशोरसिंह तोमर 70 साल की खून से सनी लाश रविवार सुबह घर में मिलना सामने आया था। गजराजसिंह पत्नी शिवाकुंवर के साथ अकेले रहते थे। घटनाक्रम सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में चाकू घटनास्थल से मिला था और हत्या रात 3 से सुबह 6 बजे के बीच होना प्रतीत हुआ था। पत्नी से पूछताछ के बाद सामने आया था कि गजराजसिंह का भाई-भतीजों से विवाद चला आ रहा था। कुछ दिन पहले भतीजे ने धमकी दी थी। पुलिस ने दोनों भतीजों को पूछताछ के लिये हिरासत में ले लिया। इस दौरान जमीन के साथ एक भतीजे का रिश्ता तुड़वाने और कुछ उधारी के रूपयों को लेकर विवाद होने की बात उन्होने कबूल की, लेकिन हत्या करने से मना करने लगे। जिस तरह से मृतक और उसके भतीजों के बीच विवाद का पता पुलिस को चला है, उससे संदेह बना हुआ है कि हत्या में शामिल हो सकते है। लेकिन सोमवार शाम तक पुलिस का पुख्ता सुराग नहीं मिल पाया था। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से मिले चाकू पर फिगंर प्रिंट भी सामने नहीं आये है। जिससे शंका जताई जा रही है कि बड़ी चतुराई से हत्या का अंजाम दिया गया है। मामले में थाना प्रभारी करण खोवाल का कहना है कि हर बिंदू पर जांच की जा रही है। मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया जा रहा है, आसपास लगे सभी जगहों के कैमरों को खंगाला जा रहा है। दोनों भतीजे हिरासत में है, जिनसे पूछताछ जारी है। जल्द ही हत्या में शामिल आरोपियों का पता लगा लिया जायेगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment