उज्जैन। नीलगंगा चौराहा पर गोरकर परिवार पर हमला कर दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने में शामिल 2 आरोपियों की गिरफ्तारी ओर की गई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में समर्पण करने वाले आरोपी की निशानदेही पर पकड़ा गया है।
18 जुलाई की रात नीलगंगा चौराहा पर पासी गिरोह के बदमाशों ने तलवार-चाकू, कट्टों से गोरकर परिवार पर हमला किया था और कई राउंड गोलियां चलाई थी। जिसमें सगे भाईयों लोकेश गोरकर और जितेश गोरकर की मौत हो गई थी। दोनों के चाचा दिलीप गोरकर और चचेरा भाई तपन गोरकर घायल हुआ था। पुलिस ने मामले में तपन गोरकर की शिकायत पर 8 नामजद और अन्यों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। जिसके बाद से लगातार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में 18 अगस्त को एक आरोपी सन्नी पिता संतोष बोरासी निवासी जबरन कालोनी ने कोर्ट में समर्पण कर दिया। जिसे 23 अगस्त तक रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ के दौरान उसने घटनाक्रम में हिमांशु उर्फ मामू निवासी राधा परिसर और पियुष उर्फ जोंटी निवासी इंदौरगेट आनंदगंज की झिरी के नाम बताये थे। एसआई यादवेन्द्र परिहार ने बताया कि दोनों आरोपियों को भी उनके ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया है। जिन्हे सोमवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी रोशन पासी है, जिसके साथ रोहित और नरेश अब भी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
कोर्ट में समर्पण कर चुके है 3 आरोपी
दोहरे हत्याकांड के बाद से अब तक तीन आरोपी संजय पासी, वेदू पासी और सन्नी पासी कोर्ट में समर्पण कर चुके है। वहीं एक आरोपी नरेश पासी को पुलिस ने लालपुल के पास से शार्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया था। वहीं एक नाबालिग और 2 आरोपियों पियुष पिता विजय पासी और विवेक पिता दिनेश वर्मा को मंछामन मल्टी से गिरफ्तार किया था। जिनके साथ अर्थव गर्ग, राकेश पासी, दुर्गेश पासी और मंजू उर्फ मीना बोरासी की अब तक पुलिस गिरफ्तारी कर चुकी है, सभी जेल में है।
गोरकर परिवार हत्याकांड के 2 आरोपी की ओर गिरफ्तारी