उज्जैन। पिछले दो दिनों से ठंड करीब एक जैसी ही कायम है। न्यूनतम पारा 7 डिग्री सेंटीग्रेड के आसपास ही बना हुआ है। शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में ठंड की स्थिति और बढ सकती है,पारा और नीचे गिर सकता है। इधर सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई है। कोहरे से भी ठंड का असर रहा है। बादलों के बने रहने से ठंड का प्रभाव कम रहा है। बादलों के छटने पर यह प्रभाव बढेगा।
शुक्रवार को तडके के उपरांत सुबह सुर्योदय होने की स्थिति में कोहरा छाया रहा। इसके चलते घर से सुबह की सैर एवं जल्दी अपने काम पर जाने वाले आमजन को हल्के कोहरे से परेशानी हुई है। इसमें दृश्य क्षमता प्रभावित हुई है। सुबह के समय वाहनों का चालन ऐसी स्थिति में चालक को हेडलाईट जलाकर करना पडा है। शुक्रवार सुबह एक दिन पूर्व की अपेक्षा न्यूनतम तापमान में मात्र 0.1 डिग्री सेंटीग्रेड की ही गिरावट दर्ज की गई।
बढेगी ठंड-
मौसम विभाग की माने तो अगले कुछ दिनों में ठंड बढ़ती दिखाई दे रही है। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दिसंबर माह के शेष बचे दिनों में कड़ाके की ठंड की और पारा गिर सकता है। रात के न्यूनतम तापमान के साथ ही दिन के अधिकतम तापमान में भी गिरावट बन सकती है। इसके साथ ही कोहरे एवं ओस की स्थिति भी बन रही है।
