नेशनल लोक अदालत में करदाताओं का भरोसा..एक ही दिन में 6.55 करोड़ की वसूली, निगम ने बनाया नया रिकॉर्ड

उज्जैन। वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में आयोजित नेशनल लोक अदालत ने नगर निगम की कर वसूली को नई गति दे दी। शनिवार को शहर के सभी जोन कार्यालयों में आयोजित लोक अदालत के दौरान करदाताओं ने बकाया संपत्ति कर और जलकर जमा कर जिम्मेदारी निभाई। देर रात तक चली वसूली में नगर निगम ने कुल 6 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक का कर संग्रह कर अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार शनिवार रात 10 बजे तक शहर के विभिन्न जोन कार्यालयों में 5 करोड़ 99 लाख 58 हजार 946 रुपये संपत्ति कर और 55 लाख 54 हजार 125 रुपये जलकर के रूप में जमा किए जा चुके थे। इसके बाद भी कई जोन कार्यालयों में कर जमा करने की प्रक्रिया जारी रही।
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर इस बार करदाताओं की सुविधा के लिए डिजिटल भुगतान की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई। सभी जोन कार्यालयों में POS मशीन उपलब्ध कराई गई, जिससे करदाता क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे संपत्ति कर का भुगतान कर सके। इस सुविधा के कारण करदाताओं को लंबी प्रक्रिया से राहत मिली और समय की बचत भी हुई।
लोक अदालत के दौरान बड़े बकायादारों द्वारा कर जमा करने पर जोन कार्यालयों में मौजूद अधिकारियों ने उनका पुष्पमाला पहनाकर स्वागत भी किया। निगम प्रशासन का मानना है कि डिजिटल भुगतान सुविधा और लोक अदालत के माध्यम से दी गई राहत से करदाताओं की भागीदारी बढ़ी है, जिससे राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। निगम आयुक्त मिश्रा द्वारा निरंतर जोन कार्यालयों में पहुंचकर मानीटरिंग की जा रही थी।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment