निगम के विशेष सम्मिलन में 7 प्रस्ताव सर्वानुमति से स्वीकृत

महाकाल लोक में नवनिर्मित सेतु का नामकरण “अशोक सेतु” किए जाने व वी.डी. मार्केट तेलीवाड़ा ढाबा रोड होते हुए छोटी पुलिया तक मार्ग चौड़ीकरण में प्रभावित भवनों को मुआवजा देने के प्रस्ताव को भी मिली मंजूरी
उज्जैन। नगर निगम का विशेष सम्मिलन सोमवार को निगम अध्यक्ष कलावती यादव की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। सम्मिलन में महापौर मुकेश टटवाल, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा तथा पार्षदगण उपस्थित रहे। बैठक में कार्यसूची के विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया, जिनमें से सात प्रस्तावों को सर्वानुमति से स्वीकृति प्रदान की गई।सम्मिलन में 30 अक्टूबर 2025 एवं स्थगित सम्मिलन 31 अक्टूबर 2025 के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। इसके अलावा श्री महाकाल लोक परिसर में नवनिर्मित सेतु का नामकरण “अशोक सेतु” किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। वी.डी. मार्केट तेलीवाड़ा ढाबा रोड होते हुए छोटी पुलिया तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य में प्रभावित भवनों को मुआवजा देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई।मध्यप्रदेश आउटडोर विज्ञापन मीडिया नियम 2017 के अंतर्गत विभिन्न टायपोलॉजी के आउटडोर मीडिया डिवाइस हेतु अनुज्ञप्ति शुल्क निर्धारण के प्रस्ताव को एमआईसी के ठहराव के क्रम में स्वीकृत किया गया। हरिफाटक मार्ग से महाकाल पार्किंग तक चौड़ीकरण कार्य में प्रभावित हितग्राहियों को संशोधित मुआवजा देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।आगर रोड वार्ड क्रं 3 में सामुदायिक भवन के निर्माण स्थल परिवर्तन व जर्जर भवन तोड़ने संबंधी प्रस्ताव पुनः एमआईसी को प्रेषित किया गया। वहीं मेसर्स सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन भोपाल द्वारा सीएसआर के तहत पांच अत्याधुनिक सार्वजनिक शौचालय कॉम्प्लेक्स निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। हरी फाटक से महाराजवाड़ा स्कूल होते हुए महाकाल पार्किंग तक चौड़ीकरण कार्य के प्रभावित हितग्राहियों को संशोधित प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक की शुरुआत वंदेमातरम् गान से हुई। इस दौरान निगम अध्यक्ष ने महिला दिवस, होली, रंगपंचमी एवं भारतीय टीम की टी-20 विश्व कप जीत पर शुभकामनाएं भी दीं। सम्मिलन में नेता प्रतिपक्ष रवि राय सहित एमआईसी सदस्य शिवेंद्र तिवारी, डॉ.योगेश्वरी राठौर, प्रकाश शर्मा, रजत मेहता, कैलाश प्रजापत, माया राजेश त्रिवेदी, पंकज चौधरी, सपना सांखला, अर्पित दुबे, नीलम राज कालरा सहित अन्य पार्षदों ने चर्चा में भाग लिया।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment