उज्जैन। तेजगति से दौड़ती पिकअप मंगलवार-बुधवार रात सड़क किनारे नाले में फंस गई। चालक छोड़कर भाग निकला। रात्रि गश्त में पुलिस कोे पिकअप दिखाई दी तो घटनाक्रम का पता लगाने पहुंची। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें प्याज की बोरियों के नीचे रखा मादक पदार्थ डोराचूरा बरामद हो गया।
नागझिरी थाना प्रभारी कमल निगवाल ने बताया कि रात में 12.30 बजे के लगभग एसआई रामप्रसाद वेद, प्रधान आरक्षक नीरज पटेल, ईश्वर चौहान, आरक्षक गजेन्द्र दुबे, रोहित मिश्रा शासकीय वाहन से गश्त पर निकले थे। लालपुर से गरोठ ब्रिज की ओर जाने वाले मार्ग पर भ्रमण के दौरान अक्षत स्कूल के आगे सड़क किनारे एक पिकअप दिखाई दी, भ्रमण टीम करीब पहुंची तो नाले में फंसी थी जिसका नम्बर पीबी 11 डीएन 2621 था। आसपास देखने पर चालक दिखाई नहीं दिया। पिकअप की तिरपाल खोली गई उसमें प्याज के बोरे दिखाई दिये। गश्त टीम ने पूरी पिकअप की तलाशी तो उसमें से मादक पदार्थ की दुर्गंध आने लगी। प्याज के बोरे हटाने पर अलग से 8 प्लास्टिक की बोरियां मिली। जिसे खोलने पर उसमें मादक पदार्थ डोडाचूरा भरा होना सामने आया। रात में पिकअप को कस्टडी में लिया गया और उसमें रखे मादक पदार्थ के बोरों का वजन किया गया, जो 2 क्विंटल 34 किलो होना सामने आया। थाना प्रभारी के अनुसार बरामद मादक पदार्थ 3 से 4 लाख रूपये का है, वहीं पिकअप 10 लाख कीमत की पाई गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
गरोड़ रोड से नागझिरी आ रही थी पिकअप
एसआई वेद ने बताया कि अक्षत स्कूल के सामने जिस तरह से पिकअप लावारिस हालत में खड़ी मिली, उससे प्रतीत हो रहा था कि गरोठ रोड से नागझिरी की ओर आ रही थी, रफ्तार तेज होने पर चालक नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क किनारे उतरकर नाले में फंस गई। फिलहाल नम्बर के आधार पर चालक और पिकअप मालिक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी चैक किये जा रहे है।
प्याज की आड़ में मादक पदार्थ का परिवहन
पुलिस की माने तो प्याज की आड़ में मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा था। आशंका यह भी जताई है कि मादक पदार्थ राजस्थान या मंदसौर के रास्ते लाया जा रहा था। चालक के हिरासत में आने ही पता चलेगा कि मादक पदार्थ का परिवहन कहां से कहां के लिये हो रहा था और मामले कौन-कौन शामिल है, जो इतनी अधिक मात्रा में अवैध परिहवन करा रहे थे।
नाले में फंसने पर छोड़कर भागा निकला था चालक प्याज से भरी पिकअप में मिला 2.34 क्विंटल डोडाचूरा