इंगोरिया। चौपाटी पर बारिश के पानी निकासी हेतु नाला निर्माण की खुदाई से बरसों पुराना गुम हुआ यात्री प्रतीक्षालय अब लोगों को दिखने लगा है। इसके सामने लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। एक प्रतीक्षालय पूर्व विधायक उदय सिंह पंड्या ने यात्रियों की सुविधा हेतु बनवाया था। दूसरा पूर्व विधायक मुकेश पंड्या ने। जंगल का पानी तेज बारिश में हर साल इंगोरिया चौपाटी और पुलिस थाने में घुस जाता है। रविवार को इस समस्या के निदान हेतु मौके पर पहुंचे क्षेत्र के विधायक जितेंद्र सिंह पंड्या ने लोक निर्माण विभाग बड़नगर के एस डी ओ श्री देशपांडे को बुलाकर पानी निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पूर्व सड़क निर्माण कंपनी के ठेकेदार ने सोमनाथ ढाबे से उज्जैन रोड फोरलेन बायपास तक अधूरा नाला पुलिस थाने तक लाकर छोड़ दिया था। सालों पुराने प्रतीक्षालय के सामने ठेलागाड़ी से फूल बेचने वाले, फल फ्रूट विक्रेताओं और अन्य लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। जिससे प्रतीक्षालय में गंदगी पसरी हुई थी। चौपाटी पर अतिक्रमण और गंदगी की वजह से यह प्रतीक्षालय यात्रियों के उपयोग में नहीं आ रहा था। लोगों ने गंदगी डालकर इसे कबाड़खाना बना रखा है। आम जनता को वह दिखाई भी नहीं दे रहा था। रहवासियों ने मांग की है कि इस प्रतीक्षालय की नियमित साफ सफाई की जावे, ताकि आम जन बारिश में इसका उपयोग कर सके। जल भराव रोकने नाला निर्माण किया अतिक्रमण हटा तो यात्री प्रतीक्षालय दिखा।
नाला निर्माण की खुदाई हेतु प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया तो बरसों पुराना प्रतीक्षालय दिखने लगा