मन्दसौर। थाना कोतवाली पुलिस ने दीवाली पर्व के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ हुई 1 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।घटना के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को फरियादी जगदीश कुमावत निवासी ग्राम पिंगराला, जिला रतलाम ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दीवाली के समय 4 नवंबर को वे अपने फार्मटेक कंपनी के ट्रैक्टर की 1,01,700 रुपये की फाइनेंस किश्त जमा कराने मंदसौर आए थे। पुलिस पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके पैर छूकर चालाकी से बातचीत की और किस्त के पैसे बैंक में जमा कराने का झांसा देकर उन्हें बैंक के बाहर बैठाकर फरार हो गया।फरियादी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। घटना स्थल के आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 17 नवंबर को आरोपी किशनलाल पिता रामलाल कालबेलिया निवासी लालजी का खेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ (राज.) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ठगी की उक्त राशि राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले की एक कियोस्क ई-मित्र शाखा के माध्यम से चित्तौड़गढ़ जिले की अपनी बैंक शाखा स्थित खाते में जमा कराई थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
दीवाली पर बुजुर्ग से एक लाख रु. से अधिक की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार