सनावद। न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत उप जेल बड़वाह में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, न्यायालय मंडलेश्वर के आदेश एवं तहसील विधिक सेवा समिति, न्यायालय सनावद के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में न्यायाधीश योगेश चालीसा ने बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी।न्यायाधीश चालीसा ने बताया कि प्रत्येक बंदी को न्याय पाने का अधिकार है और कोई भी कैदी विधिक सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा न्यायालयीन कार्यवाही से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
साथ ही बंदियों को उनके मामलों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने और न्याय तक समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।शिविर में पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा में दोबारा शामिल होने के विषय पर भी चर्चा की गई। मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण के प्रति जागरूक करते हुए बंदियों को सकारात्मक सोच रखने के लिए प्रेरित किया गया। विधिक सेवा सप्ताह के तहत बाल देखभाल संस्थानों एवं निगरानी गृहों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं का मूल्यांकन करने की गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।इस अवसर पर जेलर युवराज मुवेल, जेल स्टाफ, न्यायालय खंडपीठ सदस्य रविंद्र अंबिया, संदीप बैसवार, नायब नाजिर संतोष खन्ना तथा थाना सनावद के पुलिस स्टाफ से धर्मेंद्र सहित अन्य उपस्थित रहे।