उज्जैन । जिले में खनन के नाम पर लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है। कहीं गहरी खदानों में पानी भरा है, तो कहीं मिट्टी और मुरम के ऊंचे-ऊंचे हिस्से बिना सुरक्षा इंतजामों के छोड़ दिए गए हैं। खनन के बाद गड्डों की घेराबंदी, भराव और खतरनाक हिस्सों को सुरक्षित करने जैसे जरूरी उपायों की अनदेखी हो रही है।आसपास आबादी है और कुछ ही दूरी पर ग्रामीण आबादी के साथ अन्यानेक प्रक्रम संचालन और इसके पास ही 15 से 20 फीट गहरी खदान में कहीं सूखे गड्ढे तो कहीं मामूली पानी भरा हुआ है। सीधे तौर पर कुछ खदानों में हादसों का आमंत्रण जैसे हाल कायम होते जा रहे हैं। इन खदान में गिरने से बड़ा हादसा संभावित है। खुली खदानें बच्चों एवं मवेशियों के लिए जोखिम बनती जा रही हैं। पूर्व में भी खदानों के गड्ढों में नहाने के दौरान अनेक हादसे सामने आ चुके हैं। इसके बाद भी सुरक्षित किए जाने की सिरे से ही अनदेखी की जा रही है।
सुरक्षित किए जाना दरकिनार-खनिज विभाग की अनदेखी के चलते खनन के खदानों में बनने वाले खतरनाक हिस्से को हटाया जाना चाहिए, लेकिन अब तक ऐसा नहीं किया जा रहा है। स्ट्रोन क्रशर के आसपास काम करने वाले श्रमिक रहते हैं और उनके बच्चे भी खाली जगहों पर खेलते हैं। ऐसे में चूरी के टीले का हिस्सा अचानक धसकने पर गंभीर दुर्घटना संभावित है। पास की गहरी खदान के गड्ढे इस खतरे को और बढा रहे हैं। ये एक स्थान की स्थिति नहीं अपवादों को छोड दिया जाए तो जिले के तकरीबन सभी खदानों के आसपास यही हाल हैं। घट्टिया,तराना तहसील के कुछ क्षेत्रों में तो इसे साफ तौर पर ही देखा जा सकता है।
न फेंसिंग न सुरक्षा उपाय-अधिकांश खनन क्षेत्रों में गहरी खदानें खुली छोड़ दिए जाने की स्थिति सामने हैं। खनन से इनमें गहरे गड्ढे बन पडे हैं। इनमें से कुछ गहरे गड्ढों में पानी भरा होने से गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसी खतरनाक स्थानों पर बच्चे खेलते हुए या मवेशी चरते समय गिरने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। नियमानुसार खनन पट्टाधारकों की जिम्मेदारी है कि खदानों के आसपास सुरक्षा के इंतजाम करें। जरूरत के अनुसार फेंसिंग कराई जाए या अनुपयोगी सामग्री से गड्डों का भराव किया जाए। लेकिन स्थानीय स्तर पर इन उपायों की अनदेखी साफ तौर पर देखी जा सकती है।
क्रशर एवं मुरम खदानों में स्थिति खतरनाक-क्रशर एवं मुरम खदानों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मुरम का इस्तेमाल कॉलोनियों और अन्य निर्माण स्थलों पर जमीन के भराव में होता है, इसलिए इसकी मांग बनी रहती है। खनन के बाद छोड़े गए गड्डों और खतरनाक ढलानों को सुरक्षित करने पर न तो खदान के पट्टाधारी द्वारा ध्यान दिया जा रहा है। जिम्मेदार खनिज विभाग की अनदेखी तो सिरे से ही देखी जा सकती है।
खदानों पर फर्स्ट एड तक नहीं-क्रशर एवं मुरम खदानों पर हाल यह हैं कि नियमानुसार यहां 24 घंटे रखे जाने वाले फर्स्ट एड तक की व्यवस्था नहीं है। काम करने वाले श्रमिक बगैर मास्क के ही यहां काम करते देखे जा सकते हैं। यहां उडने वाली धूल के बीच ही काम जारी रहता है। नियमों का पालन करवाने की जिम्मेदारी खनिज विभाग की है लेकिन खदान संचालकों और विभागीय अधिकारियों के बीच सांठगांठ से सिंहस्थ के जारी कार्यों के बीच नियमों की अवहेलना का एक भी प्रकरण सामने नहीं आ रहा है। यहां तक की अब तो अवैध खनिज परिवहन के मामले भी गधे के सिर से सिंग की तरह गायब हो चले हैं।