उज्जैन।शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है। वार्डों में कचरा संग्रहण वाहन समय पर नहीं पहुंचने की मिल रही शिकायतों के बाद आयुक्त ने बुधवार सुबह 6 बजे स्मार्ट सिटी कार्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का निरीक्षण किया।
नगर निगम द्वारा शहर के सभी 54 वार्डों में 96 डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों के माध्यम से घर-घर से गीला और सूखा कचरा एकत्र किया जाता है। बावजूद इसके, कई क्षेत्रों से वाहनों के समय पर नहीं पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही थीं।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वीटीएस (व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम) सॉफ्टवेयर के जरिए सभी वार्डों में वाहनों की जीपीएस लाइव ट्रैकिंग की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित ड्राइवरों, दरोगाओं और सुपरवाइजर्स से वायरलेस माध्यम से सीधे संवाद कर कचरा संग्रहण कार्य की स्थिति जानी और निर्देश दिए कि सभी वाहन निर्धारित समय और रूट के अनुसार वार्डों में पहुंचें।
आयुक्त ने ICCC के सुपरवाइजर्स को भी निर्देशित किया कि वे जीपीएस ट्रैकिंग के माध्यम से सभी कचरा वाहनों की लगातार मॉनिटरिंग करें। यदि किसी वाहन की स्थिति सॉफ्टवेयर में अलर्ट मोड पर दिखाई दे, तो उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा, कचरा कलेक्शन वाहनों में महिला हेल्पर्स और एनजीओ की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया जा सके।
इस दौरान अपर आयुक्त संतोष टैगोर, संदीप शिवा, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, सहायक आयुक्त प्रफुल्ल गठरे, राघवेंद्र सिंह पालिया, वर्कशॉप प्रभारी कृष्णा भूरिया एवं ICCC के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।