उज्जैन। शहर में सड़क चौड़ीकरण कार्य को गति देने के लिए प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को जोन क्रमांक 03 के अंतर्गत झालरिया मठ से रामघाट तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया। यह कार्रवाई जिला प्रशासन, नगर निगम और स्मार्ट सिटी की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
कार्रवाई के दौरान संबंधित क्षेत्र में अतिक्रमण कर बनाए गए अस्थायी और स्थायी ढांचों को हटाया गया, जिससे सड़क चौड़ीकरण कार्य में आ रही रुकावट दूर हो सके।
इस अभियान में स्मार्ट सिटी के सीईओ संदीप शिवा, तहसीलदार शेफाली जैन, भवन अधिकारी राजकुमार राठौर सहित स्मार्ट सिटी के अन्य अधिकारी और नगर निगम की रिमूवल गैंग के कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर पूरी कार्रवाई की निगरानी की ।