डंडे का खौफ देख उछलते दिखे गोली चलाने वाले बदमाश -रंजीश को लेकर वाल्मिकी नगर में किये थे हवाई फायर

उज्जैन। रंजीश के चलते गोली चलाकर भागे 2 बदमाशों को पुलिस ने बुधवार-गुरूवार रात गिरफ्तार कर लिया। दोनों को घटना की तस्दीक के लिये घटनास्थल ले जाया गया तो कानून के डंडे का खौफ देख उछलते कूदते दिखाई दिये। पुलिस ने क्षेत्र में उनकी दहशत को कम करने के लिये जुलूस निकाला।
माधवनगर थाना क्षेत्र के वाल्मिकी नगर में खरे परिवार के घर पर मंगलवार-बुधवार रात 2 बदमाशों ने दहशत फैलाते हुये गोलियां चलाई थी। बदमाश खरे परिवार के पुत्र सुजल खरे का धमकाने आये थे। सुजल के पिता सुनील खरे की शिकयत पर गोली चलाने वाले साहिल पिता संतोष निवासी अशोकनगर और सचिन पिता मोहनलाल निवासी गढ़कालिका मार्ग जानकीनगर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। बदमाशों को गोली चलाते सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। दोनों की सुजल खरे से पुरानी दुश्मनी थी, जिसके चलते दहशत फैलाने के लिये फायर किया था। पुलिस दोनों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। बुधवार-गुरूवार रात दोनों को विक्रमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दिनभर पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर पिस्टल बरामद की गई है। दोनों को दोपहर बाद घटना की तस्दीक और भागने वाले रास्तों की जानकारी जुटाने के लिये वाल्मिकी नगर ले जाया गया। जहां उनकी दहशत गर्दी कम करने के लिये जुलूस निकाला गया। पुलिस द्वारा जुलूस निकालने के साथ बदमाशों को कानून के डंडे का खौफ दिखाया गया। दोनों बदमाश डंडे के सामने उछलते-कूदते दिखाई दिये। दोनों के खिलाफ पूर्व में अपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आये है। माधवनगर टीआई गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि दोनों को शुक्रवार दोपहर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जायेगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment