ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली
भारत सरकार ने शुक्रवार को एक अहम कदम उठाते हुए देश के टीवी न्यूज चैनलों की टीआरपी रिपोर्टिंग को चार सप्ताह के लिए फ्रीज करने का निर्देश दिया है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष को लेकर कुछ भारतीय टीवी चैनलों पर अत्यधिक सनसनीखेज और अटकलों पर आधारित कवरेज दिखाने के आरोप लगे हैं। सरकार का मानना है कि इस तरह की रिपोर्टिंग आम जनता के बीच भय और भ्रम का माहौल पैदा कर सकती है।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि टीवी रेटिंग एजेंसी ब्रॉडकास्ट आॅडियंस रिसर्च काउंसिल यानी बार्क को तत्काल प्रभाव से टीवी समाचार चैनलों की टीआरपी जारी करने पर रोक लगानी होगी। यह रोक शुरूआती तौर पर चार हफ्तों के लिए लागू रहेगी या फिर मंत्रालय के अगले आदेश तक जारी रह सकती है। मंत्रालय ने कहा कि हाल के दिनों में कुछ चैनलों द्वारा युद्ध से जुड़ी खबरों को जिस तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है, वह पत्रकारिता के मानकों के अनुरूप नहीं है।