पन्ना।पन्ना में सर्राफा व्यापारी को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 95 हजार रुपए वसूलने वाले 3 पुलिसकर्मियों समेत 4 लोगों पर FIR की गई है। मामले में मड़ला थाना प्रभारी रचना पटेल, हेड कॉन्स्टेबल रज्जाक खान, कॉन्स्टेबल रामशरण और उनके साथी बृजेश यादव के खिलाफ साजिश रचने और जबरन वसूली की धाराएं लगाई गई हैं। इससे पहले मंगलवार को तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया था।चारों फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापे मार रही हैं।फरियादी मोहनलाल सोनी (40 वर्ष) रीवा के तरहटी गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने 15 मई को पन्ना एसपी निवेदिता नायडू को लिखित शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि 14 मई की दोपहर करीब एक बजे वे अपनी कार से बागेश्वर धाम के लिए निकले थे। शाम करीब 5 बजे पन्ना के मड़ला गांव के पास पहुंचे तो एक पेट्रोल पंप के सामने अपनी गाड़ी पार्क कर रहे थे।इसी दौरान सिविल कपड़ों में दो युवक वहां आ गए। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और सोनी पर गांजा तस्करी के आरोप लगाए। सोनी के इससे इनकार करने पर उन्होंने जबरन कार के दरवाजे खुलवाए। फिर, सीट से एक काली पॉलिथीन निकालकर दिखाई। युवकों ने दावा किया कि पॉलिथीन में गांजा है।
झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर व्यापारी से 95 हजार वसूले, थाना प्रभारी समेत 4 पर FIR: