स्वास्थ्य\ कुछ फूड ऐसे होते हैं, जिन्हें पचाना आसान नहीं होता। ये पूरी तरह पचे बिना बड़ी आंत में पहुंचते हैं, जहां मौजूद बैक्टीरिया इन्हें तोड़ते हैं। इस दौरान गैस बनती है। यही वजह है कि दूध पीने, दाल, छोले या गोभी खाने के बाद पेट फूलने (ब्लोटिंग) लगता है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीयों की डाइट में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा ज्यादा और प्रोटीन, फाइबर कम होता है। इससे भी कुछ लोगों को पेट फूलने और भारीपन की दिक्कत हो सकती है।
गैस बनना
- पाचन के दौरान आंतों में गैस बनना सामान्य प्रक्रिया है।
- कभी-कभी गैस ज्यादा बन जाती है या आंतों में जमा हो जाती है।
ब्लोटिंग
- पेट फूलने, खिंचाव, भारीपन या दबाव महसूस होने की स्थिति को ब्लोटिंग कहते हैं।
- गैस ज्यादा होने पर ब्लोटिंग हो सकती है, लेकिन हर बार ब्लोटिंग की वजह गैस ही हो, यह जरूरी नहीं।
दोनों में अंतर
- गैस होने पर डकार आना या गैस पास होना आम है। जबकि ब्लोटिंग में व्यक्ति को पेट फूला या तना हुआ महसूस होता है।
- आसान भाषा में कहें तो गैस पेट के अंदर बनने वाली चीज है, जबकि ब्लोटिंग पेट में होने वाला एहसास है।
सवाल- खानपान की किन आदतों के कारण ब्लोटिंग हो सकती है?
जवाब- खानपान से जुड़ी कई आदतें ब्लोटिंग का कारण बन सकती हैं, जैसेकि-
- बहुत जल्दी-जल्दी खाना।
- भोजन को ठीक से चबाकर न खाना।
- एक बार में जरूरत से ज्यादा खाना।
- देर रात हैवी मील लेना।
- रोज अलग-अलग समय पर खाना।
- लंबे समय तक भूखे रहने के बाद एक साथ ज्यादा खा लेना।
- डाइट में अचानक बड़े बदलाव करना।
सवाल- वो 10 फूड्स कौन-से हैं, जिन्हें खाने से ब्लोटिंग बढ़ती है?
जवाब- कुछ फूड आइटम्स ऐसे हैं, जिनमें ब्लोटिंग बढ़ाने वाले तत्व होते हैं। लेकिन याद रखें, ये यूनिवर्सल केस नहीं है। हर व्यक्ति की सेहत, बॉडी टाइप और हेल्थ कंडीशन के अनुसार प्रभाव अलग–अलग हो सकता है। कहने का आशय सिर्फ इतना है कि इन चीजों में ब्लोटिंग बढ़ाने की प्रवृत्ति होती है
सवाल- क्या स्ट्रेस और एंग्जाइटी से भी ब्लोटिंग हो सकती है?
जवाब- हां, इसका कारण ब्रेन-गट कनेक्शन है। यानी ब्रेन और डाइजेस्टिव सिस्टम के बीच सीधा संबंध। इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- जब व्यक्ति स्ट्रेस में होता है, तो शरीर में स्ट्रेस से जुड़े हार्मोन बढ़ जाते हैं।
- यह डाइजेस्टिव प्रोसेस को प्रभावित करते हैं।
- इससे गट मूवमेंट धीमा या तेज हो सकता है, गैस जमा हो सकती है और पेट फूला हुआ महसूस हो सकता है।
- यही वजह है कि कई लोगों को तनाव में पेट में भारीपन, गैस और ब्लोटिंग की शिकायत बढ़ जाती है।