जनगणना 2027 की ड्यूटी में लगे शिक्षक शिक्षका 280 प्रगणक, सुपरवाइजर अभियान में जुट

सारंगपुर। जनगणना 2027 का पहला चरण तहसील भर ने शुरू हुए शनिवार दूसरा दिन रहा। अब आने वाले दिनों में प्रगणक आपके घर दस्तक देंगे और आपसे जुडी अहम जानकारी जुटाएंगे। यह सिर्फ एक सरकारी प्ररिया नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की योजनाओं और सुविधाओं की नींव है। सारंगपुर क्षेत्र में 280 प्रगणक और पर्यवेक्षक इस अभियान में जुटे हैं। पहले दो दिन प्रगणक अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर नजरिया नक्शा तैयार करेंगे, इसके बाद घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित की जाएगी। एचएलओ एप के जरिए 33 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें मकान की स्थिति, सुविधाएं और अन्य जरूरी जानकारी शामिल रहेगी। खास बात यह है कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत आपकी दी गई हर जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पहचान पत्र देखकर ही दें जानकारी
प्रशासन ने सभी प्रगणकों को पहचान पत्र और किट उपलब्ध कराई है। नागरिकों से अपील है कि प्रगणक का परिचय पत्र देखकर ही जानकारी दें और किसी भी प्रकार की गलत जानकारी देने से बचें। गौरतलब है इस कार्य को पूरा करने कोई दैनिक लक्ष्य तय नहीं किया है, लेकिन 30 मई तक इसे पूरा करना है। इसके बाद 3 जून को जानकारी कार्यालय में जमा की जाएगी।
30 मई तक चलेगा अभियान:
यह चरण 30 मई तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक रोजाना घर-घर जानकारी दर्ज करेंगे। यदि आपने स्वयं ही गणना कर ली है, तो प्रगणक को अपनी एसई आईडी जरूर बताएं।
इन सवालों का जवाब देना जरूरी
प्रगणक घर-घर जाकर 33 बिंदुओं पर जानकारी लेंगे, जिनमें प्रमुख रूप से, मकान की दीवार और छत में प्रयुक्त सामग्री, मकान का उपयोग और उसकी हालत, परिवार क्रमांक, परिवार के सदस्यों की संख्या, मुखिया का नाम, लिंग और सामाजिक वर्ग (अनुसूचित जाति/जनजाति आदि), मकान का स्वामित्व, कमरों की संख्या और विवाहित दंपत्तियों की संख्या शामिल है। इसके अलावा पेयजल का स्रोत और उपलब्धता, प्रकाश की व्यवस्था, शौचालय की उपलब्धता और प्रकार, गंदे पानी की निकासी, स्नानगृह, रसोईघर व एलपीजी /पीएनजी कनेक्शन जैसी सुविधाओं की जानकारी भी ली जाएगी। साथ ही परिवार के पास उपलब्ध संसाधनों जैसे रेडियो, टीवी, इंटरनेट, कंप्यूटर / लैपटॉप, मोबाइल फोन, साइकिल, दोपहिया और चारपहिया वाहन की जानकारी भी दर्ज की जाएगी। परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज और संपर्क के लिए मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जाएगा।
आपका सहयोग क्यों जरूरी
विशेषज्ञों के मुताबिक जनगणना के आंकडों के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की योजनाएं बनाती है। इसलिए सही और सटीक जानकारी देना हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है और अधिकार भी।
अब मोबाइल एप से होगी पूरी प्रक्रिया
पूरी जनगणना प्रक्रिया इस बार डिजिटल माध्यम से हो रही है। प्रगणक अपने मोबाइल में एचएलओ एप के जरिए डेटा दर्ज करेंगे और रोजाना उसे सिंक करेंगे। पूरी निगरानी सीएमएमएस पोर्टल से की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित हो सके। े

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment