जंतर –मंतर से पंचमुखी हनुमान सडक निर्माण कार्य धीमी गति का काम, ठेकेदार पर 5 लाख रूपए पेनल्टी -नगर निगम आयुक्त ने निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए

उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व-2028 के तहत पंचमुखी हनुमान से जंतर-मंतर मार्ग निर्माण के काम में धीमी गति पाए जाने पर गुरूवार को निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने नाराजगी जताई। कार्यस्थल पर अपेक्षित संख्या में अतिरिक्त श्रमिक नहीं लगाए जाने पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध 5 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए हैं।
लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से 930 मीटर लंबे  इस मार्ग को 18 मीटर चौड़ा किए जाने का कार्य प्रचलित है। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि सिंहस्थ महापर्व के लिए शहर में किए जा रहे प्रत्येक निर्माण कार्य की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में कार्य की गति धीमी रखने अथवा निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने की स्थिति में संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए। आयुक्त श्री मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि कार्य की निर्धारित अवधि में किसी भी प्रकार की वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्य में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध पेनल्टी की कार्रवाई की जाएगी।
यहां भी पहुंचे निरीक्षण को-
निगम आयुक्त श्री मिश्रा द्वारा अमृत-2 योजना अंतर्गत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने सर्वप्रथम डी-मार्ट से सिकंदरी एसआर-4 मार्ग का निरीक्षण किया गया। लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से 1.5 किलोमीटर लंबे मार्ग को 18 मीटर चौड़ा किए जाने का कार्य प्रचलित है। यहां से वे जीवनखेड़ी-सिकंदरी एमआर-21 मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे। लगभग 36 करोड़ रुपए की लागत से 2 किलोमीटर से अधिक लंबे मार्ग को 30 मीटर चौड़ा किए जाने का कार्य किया जा रहा है।

 

 

 

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment