उज्जैन। पार्श्वनाथ कालोनी में 18 फरवरी को चोरी की नियत से आये 2 बदमाशों ने अर्जुन सिसौदिया पर हमला कर दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर 15 दिन बाद पारदी गिरोह के 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने गुल्ले से हमला किया था।
नागझिरी थाना प्रभारी कमल निगवाल ने बताया कि पार्श्वनाथ कालोनी में मनोहर पटेल का मकान बना हुआ है, 18 फरवरी की रात मकान सूना था, उसी दौरान 3 बदमाश चोरी की नियत से पहुंचे। रात 2 बजे के लगभग समीप रहने वाले राष्ट्रीय स्वयं सेवक पदाधिकारी अर्जुनसिंह पिता मांगीलाल सिसौदिया को बदमाशों के कालोनी में आने की जानकारी मिली। उन्होने अपने साथियों को कॉल किया और खुद अकेले बदमाशों को देखने के लिये निकल गये। उनके साथी कालोनी में पहुंच पाते उससे पहले मनोहर पटेल के मकान की बाउंड्रीवॉल के पास बदमाश छुपे दिखाई दिये। अर्जुनसिंह ने बदमाशों को ललकार तो बदमाशों ने हमला कर दिया और भाग निकले। हमले में पत्थर अर्जुनसिंह की आंख के पास लगा, वह गंभीर घायल हो गये। उन्हे इंदौर के वेदांता अस्पताल ले जाया गया, चोंट काफी गहरी थी, जिसके चलते उन्हे उपचार के लिये चैन्नई ले जाया गया। मामले की खबर मिलने पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की। कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गये और तकनीकी साक्ष्यों पर काम शुरू किया गया। 15 दिन बाद पुलिस ने गरोठ ब्रिज के पास मानपुरा से दो बदमाशों प्रकाश पिता महफूज पारदी 26 साल निवासी ग्राम सिंघवासा थाना कैंट जिला गुना, हाल मुकाम शंकरपुर पवासा उज्जैन और विकास पिता जितेंद्र पारदी 18 साल, निवासी भोपाल हाल मुकाम लखाहेड़ा थाना घटिया को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को पूछताछ के लिये एक दिन की रिमांड पर लिया, इस दौरान सामने आया कि उन्होने गुल्ले से हमला किया था, उनका एक साथी भी साथ आया था। पुलिस ने उनके फरार साथी की तलाश की लेकिन वह गिरफ्त में नहीं आ पाया। पुलिस ने गुल्ले बरामद कर शुक्रवार दोपहर रिमांड खत्म होने पर दोनों न्यायालय में पेश किया, जहां से केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ भेजा गया है।
कचरा बीनने की आड़ में करते है रैकी
एएसआई रोहित पारस ने बताया कि बदमाशों से पूछताछ में चोरी की कोई वारदात का खुलासा तो नहीं हो पाया, लेकिन सामने आया कि कचरा बीनने की आड़ में सूने मकान की रैकी करने आये थे। उन्होने दिन में रैकी के बाद बंद मकान पाकर रात में वारदात की योजना बनाई थी। लेकिन कालोनी में रहने वाले व्यक्ति के आने पर सफल नहीं हो पाये थे। एएसआई पारस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रकाश पारदी है। जिसके खिलाफ गुना के कैंट थाने में मारपीट, नकबजनी के 4 प्रकरण और चिमनगंज थाने में नकबजनी के साथ जहरीली शराब के मामले दर्ज होना सामने आये है।
चोरी करने आये बदमाशों ने गुल्ले से किया था हमला -15 दिन बाद गिरफ्त में आये, घायल का चैन्नई में चल रहा उपचार