चार पहिया वाहन ने ई-बाइक चालक को कुचला -दुर्घटना में घायल की मौत, एएसपी ने पहुंचाया अस्पताल

उज्जैन। उन्हेल मार्ग पर शुक्रवार शाम तेजगति से दौड़ती अज्ञात चार पहिया गाड़ी ने ई-बाइक सवार को कुचल दिया। सड़क पर गंभीर हालत में पड़े घायल को देख एएसपी ने अपनी गाड़ी रोकी और उसे अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
भैरवगढ़ थाना एएसआई राजेश सौराष्ठी ने बताया कि शाम को उन्हेल मार्ग सारीबारी के पास सड़क दुर्घटना की खबर मिलने पर पुलिस पहुंची थी, लेकिन घटनास्थल से घायल को चरक अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। जहां से कुछ देर बाद खबर मिली कि घायल की मौत हो चुकी है। घटनास्थल पर ई-बाइक मिली थी, वहीं प्रत्यदर्शियों से पूछताछ करने पर पता चला कि चार पहिया गाड़ी ने टक्कर मारी थी और भाग निकला था, घायल को पुलिस अधिकारी की गाड़ी से अस्पताल ले जाया गया है। घायल की मौत होने पर उसकी पहचान के प्रयास शुरू किये गये। कुछ देर में सामने आया कि मृतक अनिल पिता नाथुलाल देपन 35 साल निवासी सोड़ंग का रहने वाला है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंच गये है। शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया और मामले में मर्ग कायम किया गया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जायेगा। परिजनों ने बताया कि अनिल खेती किसानी का काम करता था और ई-बाइक से खेत पर जा रहा था। एएसआई सौराष्ठी के अनुसार मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखकर टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने के प्रयास किये जा रहे है।
नागदा से लौट रहे थे एएसपी शर्मा
दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचने वाले पुलिस अधिकारी एएसपी आलोक शर्मा होना सामने आये है। वह नागदा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की व्यवस्था संभालने के बाद वापस उज्जैन लौट रहे थे। उन्होने दुर्घटना में घायल की हालत गंभीर देखी तो राहवीर बनकर उसे अपनी गाड़ी से अस्पताल तक पहुंचाया। लेकिन गंभीर चोंट होने पर घायल की जान नहीं बच सकी।
देवासरोड पर पीछे से वृद्ध पर चढ़ा वाहन
देवासरोड शिवांश वैली कालोनी के सामने गुरूवार-शुक्रवार रात 1.30 बजे पैदल जा रहे वृद्ध पर पीछे से आया वाहन चढ़ गया। वृद्ध की मौके पर मौत हो गई। नागझिरी थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची। मृतक की पहचान रमेश पिता रघुनाथ जाधव 55 साल निवासी लालपुर के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि अटाला बीनने का काम करता था। उसका दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। थाना एसआई आरपी वेद ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन का पता लगाया जा रहा है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment