उज्जैन। चामुंडा माता चौराहा पर मंगलवार दोपहर देवास के युवक पर चाकू से बदमाश ने हमला कर दिया। बदमाश रूपयों की मांग कर रहा था। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर बदमाश की तलाश कर रही है।
देवास के अम्बेडकर नगर में रहने वाला धर्मेन्द्र पिता नारायण सिसौदिया 30 साल दोस्त जितेन्द्र के साथ महाकाल दर्शन करने उज्जैन आया था। दोनों दोपहर में चामुंडा माता चौराहा पर मंदिर के समीप दुकान पर पाऊच लेने पहुंचे। उसी दौरान 2 बदमाश आये और धर्मेन्द्र से रूपयों की मांग करने लगे। मना करने पर एक बदमाश ने जेब से चाकू निकाला और पेट में घोंप दिया। दोस्त जितेन्द्र ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उस पर भी वार करने का प्रयास किया गया। दोनों बदमाश चाकू मारने के बाद भाग निकले। जितेन्द्र घायल हो चुके दोस्त धर्मेन्द्र को चरक अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने चाकू का घाव गहरा होने पर टांके लगाकर उपचार करते हुए भर्ती किया। देर शाम परिजनों के आने पर धर्मेन्द्र को उपचार के लिये देवास ले जाया गया है। चाकूबाजी की सूचना मिलने पर देवासगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायल के बयान दर्ज मामला दर्ज किया गया है। जितेन्द्र ने बताया कि चाकू मारने वाला राजू वाल्मिकी और उसका साथी बारिक है। राजू पूर्व में देवास का रहने वाला था। वर्तमान में कोढ़िया बस्ती उज्जैन में निवास कर रहा है। देवास में उसके खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज है।
चामुंडा माता चौराहा पर देवास के युवक को मारे चाकू
