चक्रवातीय हवाओं एवं पश्चिमी विक्षोभ से बरसे बदरवा उज्जैन में मावठे की बारिश आसपास ओले भी गिरे -मई के पहले सप्ताह में अस्थिर मौसम रहने की पूरी संभावना

उज्जैन। रविवार को सुबह से अपरांह तक सुर्य और बादलों के बीच लूका-छिपी का क्रम जारी रहा । अपरांह में तेज हवाओं और अंधड ने परेशान किए रखा। शाम होते होते बादल हिस्सों में कई बार बरसे जिससे गर्मी में ठंडक की राहत बनी है। उज्जैन के आसपास एवं बाहरी क्षेत्र में कई स्थानों पर बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरने की सूचनाएं भी रही है।

पिछले दो दिनों से मौसम में आकस्मिक बदलाव की स्थिति बन रही थी। कडक धूप के बाद आकस्मिक रूप से बादल होने की स्थिति बन रही थी। हवाओं में भी तेजी और नमी की स्थिति रही थी। रविवार को दिन भर बादलों एवं सूर्य के बीच लूका-छिपी की स्थिति बनने से मौसम खुश्क बन गया था। शाम होते होते तो बादलों ने बरसने का क्रम शुरू कर दिया। शुरूआत हल्की बूंदा-बांदी से हुई उसके बाद हिस्सों में कई बार बारिश होने का क्रम रात तक जारी रहा है। धूल भरी हवाओं ने शाम तक लोगों को परेशान किए रखा था।

मौसम विभाग का अलर्ट-

प्रदेश के मौसम विभाग ने 6 मई तक चक्रवातीय हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऐसी ही असमान्य परिस्थितियों की चेतावनी जारी की है। आंधी, ओलावृष्टि और स्थानीय बारिश की संभावना बनी हुई है। मई के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अस्थिर मौसम जारी रहेगा। हालांकि, मध्य और माह के अंत तक तापमान में भारी वृद्धि (47°C तक) और लू की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। विशेषज्ञों ने लोगों को हाइड्रेशन बनाए रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

बिजली होती रही गुल-

तेज हवा और बारिश के बीच शहर में कई बार बिजली की सप्लाय बंद चालू होती रही। तेज हवाओं के दौरान तो देर तक बिजली गायब रही लेकिन बारिश के क्रम में बिजली कम ही गई। इसके साथ ही स्ट्रीट लाईट भी शहर में अधिकांश क्षेत्रों में बंद रही जिससे आम आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पडा है।

दो स्थानों पर पेड गिरे-

नगर निगम कंट्रोल रूम के अनुसार तेज हवा और बारिश के दौर में शाम को यंत्र महल मार्ग पर दो पेडों के गिरने की सूचना दर्ज की गई है। इसमें एक पेड पीएचई के यंत्रमहल प्लांट के नजदीक शनि मंदिर के पास एवं दुसरा लाल पूल के नजदीक गिरा है। दोनों पेडों को हटाने के लिए संबंधित जोन के कर्मचारियों को सूचना से अवगत करवाया गया है। कंट्रोल रूम के अनुसार पानी भरने जैसी स्थिति की कहीं से खबर नही है।

मौसम में ठंडक का असर आया-

पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान बराबर उपर की और चढ रहे थे । हालत यह थी की न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेंटीग्रेड से उपर और अधिकतम तापमान 40 से अधिक ही बना हुआ था। ऐसे में रविवार को दिन भर बादलों की आवाजाही से न्यूनतम तापमान 23 डिग्री एवं अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया है। शासकीय जीवाजी वेधशाला से जारी बुलेटिन के अनुसार रविवार को हवाओं का जोर रहा है। सुबह 8 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही हवाओं ने दिन में तेजी पकड ली और शाम होते होते इनकी गति 24 किलोमीटर प्रति घंटे की हो गई थी। पूर्वान्ह में करीब 11 मिली मीटर बारिश भी इस दौरान दर्ज की गई है।

हवाओं से कई जगह चद्दरें उडी-

अपरांह के समय चली धूल भरी तेज हवाओं से शहर में कई जगह लगे फ्लेक्स एवं अन्य छोटे मोटे होर्डिंग उडे थे। मकानों की छतों पर रखे चद्दर भी उडे थे। इनसे किसी प्रकार की कोई घटना की सूचना देर शाम तक सामने नहीं आई थी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment