सबसे गर्म बांदा का पारा 11 डिग्री गिरा
ब्रह्मास्त्र लखनऊ
यूपी में पिछले तीन दिनों से मौसम बिगड़ा हुआ है। शुक्रवार सुबह से गोरखपुर-देवरिया में बारिश हो रही है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में बादल छाए हुए हैं। तेज हवाएं चल रही हैं। गुरुवार देर रात लखनऊ, सीतापुर, फरुर्खाबाद, पीलीभीत और गोंडा में आंधी के साथ तेज बारिश हुई।
मौसम विभाग ने आज बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, 62 जिलों में आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का यह अलर्ट सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक का है। आंधी-बारिश से पिछले 36 घंटों में 17 लोगों की मौत हो चुकी है। औसतन 2.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इससे लोगों को हीटवेव से राहत मिली है। प्रदेश के औसत तापमान में 10-12 डिग्री तक गिरावट आई है। दो दिन पहले 47.6 डिग्री के साथ दुनिया का सबसे गर्म शहर रहा बांदा का तापमान 36.4 डिग्री पर पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो गाजियाबाद, नोएडा, ललितपुर, आगरा और मथुरा में जमकर ओले गिरे। 25 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। गुरुवार को जालौन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।