उज्जैन। शादी के 9 दिन बाद भागी लुटेरी दुल्हन सास के साथ ढाई माह बाद उत्तरप्रदेश के आगरा से पुलिस की गिरफ्त में आ गई। गिरोह के 3 सदस्य सिहोर जेल में बंद मिले। जिसमें से 2 को प्रोटेक्शन वारंट जारी कराकर पूछताछ के लिये लाया गया।
महिदपुर थाना एसआई अन्नपूर्णा कठेरिया ने बताया कि 11 दिसंबर 2025 को सौगानी कालोनी में रहने वाले हर्षद पिता सुनील मेहता 32 साल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिव्या गंधर्व के माध्यम से उसने अपनी शादी के लिये रिश्ता तय किया था। दिव्या ने अपने साथी कृष्णकुमार उर्फ मुकेश, राधा उर्फ राजूबाई, मीना शर्मा के साथ मिलकर प्रियंका शर्मा नाम की लड़की दिखाई। प्रियंका के साथ 22 नवम्बर 2025 को चिंतामण मंदिर में शादी की गई। उस दौरान प्रियंका ने अपनी मां मीना शर्मा के इलाज और परिवार की जरूरत बताते हुए 1.80 लाख रूपये मांगे। रूपये आॅनलाइन और नगद दिये गये थे। शादी के 9 दिन बाद ही पत्नी प्रियंका अपनी मां मीना शर्मा के बाद चली गई और वापस नहीं लौटी, संपर्क करने पर दोनों का कुछ पता नहीं चल पाया, शादी कराने वाले दिव्या गंधर्व और उसके साथियों का भी पता नहीं चल रहा है। शिकायत पर धारा 318 (4), 61 (2), 3 (5) बीएनएस का प्रकरण दर्ज किया गया। मामला शादी के नाम पर संगठित गरोह और लुटेरी दुल्हन का होने पर जांच शुरू की गई। जानकारी सामने आई कि लुटेरी दुल्हन प्रियंका शर्मा और मीना शर्मा उत्तरप्रदेश के आगरा में है। दोनों की गिरफ्तारी के लिये एक टीम रवाना की गई। जहां से दोनों को हिरासत में लिया गया और महिदपुर लाया गया। दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से रिमांड मिलने पर उनके गिरोह की जानकारी जुटाई गई। गिरोह में शामिल दिव्या गंधर्व, मुकेश उर्फ कृष्णकुमार और राधाबाई सिहोर जेल में बंद होना सामने आये। गिरोह ने सिहोर के भैरूंडा में शादी के नाम पर धोखाधड़ी की है। तीनों का प्रोटेक्शन वारंट जारी कराया गया, जहां से दिव्या और मुकेश को पूछताछ के लिया गया। राधाबाई मीणा का प्रोटेक्शन वारंट 18 फरवरी का जारी है। गिरफ्त में आये चारों से पूछताछ के बाद गुरूवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया है।
शादी में मां बनकर आई थी, निकली सास
एसआई कठेरिया ने बताया कि शादी के 9 दिन बाद भागी प्रियंका शर्मा ने पूर्व में रिश्ता तय होने पर मीना शर्मा को अपनी मां बताया था। लेकिन गिरफ्त में आने पर पता चला कि मीना शर्मा सास है। प्रियंका पूर्व से शादीशुदा है। उसका पति मजदूरी के सिलसिले में अधिकांश समय बाहर रहता है। दोनों सास-बहू गिरोह के संपर्क में आ गई थी, प्रियंका का कहना था कि उसने गिरोह में शामिल होकर पहली बार ही शादी की है।
गिरोह की मास्टर माइंड दिव्या गंधर्व
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि शादी के नाम पर संगठित गिरोह चलाने वाली मास्टर माइंट सिहोर की दिव्या गंधर्व है। उसने अपने साथी मुकेश और राधाबाई के साथ मिलकर 3 से 4 शादी पूर्व में की थी और लाखों की धोखाधड़ी कर चुकी है। उज्जैन जिले में पहली बार साजिश रचकर हर्षद मेहता को फंसाया था।
गिरोह में शामिल थी सास, सिहोर जेल में बंद मिले 3 साथी उत्तरप्रदेश से गिरफ्त में आई 9 दिन बाद भागी लुटेरी दुल्हन