उज्जैन। गरोठ-उज्जैन मार्ग पर शुक्रवार देर शाम सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार परिवार को पीछे से आये अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना के 11 साल के मासूम की मौत हो गई। माता-पिता और भाई घायल हुआ। जिन्हे उपचार के लिये आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया।
चिमनगंज थाना एसआई दिनेश भट ने बताया कि आगररोड स्थित शराब दुकान से कुछ दूरी पर उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर बाइक सवार परिवार के चार लोगों को पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन चारों घायलों को आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज लोगों की मदद से पहुंचाया जा चुका था। घायलों में शामिल 11 साल के मासूम की मौत होने पर बॉडी चरक अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष भेजी गई थी। घटनाक्रम में घायलों और मृतक बालक की जानकारी जुटाने के लिये पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची, जहां मृतक बालक का नाम हाशिब पिता मुकरम हुसैन 11 साल निवासी श्यामगढ़ सामने आया। उसके पिता मुकरम पिता शरफउद्दीन हुसैन, मां निगार हुसैन और भाई मुकरीब हुसैन सामने आये। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मुकरम हुसैन का ससुराल उज्जैन में है। चारों बाइक से उज्जैन आ रहे थे। लेकिन घायल यह नहीं बता पाये कि पीछे से किस वाहन ने टक्कर मारी है। घटनाक्रम की जानकारी घायलों के परिजनों को दी गई है। जिनके देर रात तक उज्जैन पहुंचने की संभावना है। फिलहाल मामले में चरक भवन से सूचना मिलने पर मर्ग कायम किया गया है। रविवार सुबह मृतक बालक का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिये घटनास्थल के आसपास लोगों से जानकारी जुटाकर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जायेगें।
गरोठ मार्ग पर हादसा, 11 साल के मासूम की मौत -घायल माता-पिता, भाई का मेडिकल कॉलेज में उपचार