काम छोड़ चुके कर्मचारी ने किया था 1.60 लाख का ट्रांजेक्शन

उज्जैन। पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बनकर 2 लोगों के मोबाइल से 1.60 लाख का लोन कंपनी से पास कराकर अपने खातों में ट्रांजेक्शन करने वाले का  सुराग पुलिस को मिल गया है। आरोपी पूर्व कर्मचारी होना सामने आया है। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास में दबिश दी जा रही है। खाचरौद थाना क्षेत्र के गणेश नगर में रहने वाले धर्मेन्द्र पिता रामचंद्र जैन 52 साल किराना दुकान संचालित करते है। 5 जून की सुबह उनकी दुकान पर पेटीएम कर्मचारी बनकर एक व्यक्ति पहुंचा और मोबाइल मांगा और कुछ देर में ही 96 हजार का आॅनलाइन लोन कंपनी से लेकर अलग-अलग खाते में ट्रांजेक्शन कर लिया। उक्त व्यक्ति के जाने पर धर्मेन्द्र जैन को अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला। उन्होने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दर्ज कराई। पुलिस जांच शुरू कर धोखाधड़ी करने वाले का पता लगा पाती उससे पहले 6 जून को उक्त आरोपी बुध मार्ग खाचरौद में रहने वाले अशोक पिता सत्यनारायण मेहता 45 साल की बड़ चौराहा चाय की दुकान पहुंच गया। वहां भी पेटीएम कर्मचारी बताकर मोबाइल लिया और आॅनलाइन कंपनी से 64 हजार 400 का लोन लेकर अपने खाते में ट्रांजेक्शन कर लिया। उक्त मामला भी पुलिस के पास पहुंचा तो जांच के बाद 8 जून को दोनों मामले में धोखाधड़ी की धारा 318 (2), 319 (2) और आईटी एक्ट की धारा 66 में प्रकरण दर्ज किया गया। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने जांच के दौरान उक्त आरोपित का पता लगा लिया है। जो पेटीएम कंपनी का पूर्व कर्मचारी होना सामने आ रहा है। मंगलवार रात पुलिस की एक टीम उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी थी। मामले में खाचरौद थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया का कहना था कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जायेगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment