सनावद।-महंगाई के मुद्दे पर सनावद में शनिवार को सियासत गरमा गई। शक्कर के बढ़ते दाम, यात्री बस किराए में वृद्धि और बिजली बिलों में बढ़ते बोझ के विरोध में कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया।ब्लॉक कांग्रेस एवं शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में निकाली गई “महंगाई की शव यात्रा” कांग्रेस कार्यालय बापा मैशन, खरगोन रोड से शुरू हुई। हाथों में विरोध के प्रतीक और सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए कार्यकर्ता शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड स्थित गांधी प्रतिमा तक पहुंचे।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “चंदा चोर कहां मिलेंगे, बीजेपी के दफ्तर में—जनता को राहत दो” जैसे नारे लगाकर सरकार पर निशाना साधा।ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र पटेल और शहर अध्यक्ष आशीष चौधरी ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। शक्कर से लेकर बिजली और सफर तक, हर तरफ बढ़ते खर्च ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र पटेल ने सरकार से शक्कर के बढ़े दाम, बस किराया और बिजली बिलों में हुई वृद्धि वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस ने महंगाई की शव यात्रा निकालकर सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन