ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर के रईस इलाकों में शुमार रेसकोर्स रोड के एक बड़े बिल्डर को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिली है। खुद को हैरी बॉक्सर बताने वाले शख्स ने बिल्डर से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है। नहीं देने पर आरोपी ने बिल्डर के बेटे की सटीक लोकेशन होने और उसे गोली मारने की बात कही है।
गैंग ने बिल्डर के साथ ही चेतन सिंह पंवार और कुंवर सिंह भूरिया को भी धमकी दी है। लेकिन पुलिस अधिकारियों ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
वॉट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज से मचा हड़कंप- क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश त्रिपाठी के अनुसार, बिल्डर विवेक दम्मानी के आॅफिस के नंबर पर मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे एक वॉट्सएप कॉल आया। कॉल आॅफिस की महिला स्टाफ ने रिसीव किया। फोन करने वाले ने कहा- विवेक दम्मानी को बोल देना 5 करोड़ दे दे, वरना बेटे को कहीं भी गोली मरवा दूंगा। यह भी कहा कि पुलिस के पास जाने से कुछ नहीं होगा और पैसे लेकर ही पीछा छोड़ा जाएगा।
आरोपी ने दावा किया कि उसके पास बिल्डर और उनके बेटे की हर पल की लोकेशन है। पहले स्टाफ ने इसे मजाक समझा, लेकिन जब उसी नंबर से धमकी भरा वॉइस मैसेज आया तो पूरे आॅफिस में हड़कंप मच गया। इसके बाद स्टाफ ने तुरंत बिल्डर को जानकारी दी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी गुर्गा है हैरी बॉक्सर- मामले की सूचना क्राइम ब्रांच को दी गई, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई, जिस हैरी बॉक्सर का नाम लिया गया है, उसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी गुर्गा माना जाता है। पुलिस अब उस नंबर और वॉइस मैसेज के आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है।