इंदौर में अवैध गैस गोदाम पर छापा, 66 सिलेंडर, मोटर और बुलेट जब्त, गोदाम सील, आरोपी फरार

ब्रह्मास्त्र इंदौर

इंदौर में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, दुरुपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए एक अवैध गैस गोदाम पर कार्रवाई की।

जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू के मार्गदर्शन में गठित दल ने गुरुवार को निरीक्षण करते हुए छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान न्यू लोहा मंडी क्षेत्र में हरिओम गुप्ता के अवैध गैस गोदाम पर छापा मारा गया।

छापे के दौरान 24 व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 42 घरेलू गैस सिलेंडर सहित कुल 66 सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाली तीन इलेक्ट्रिक मोटर और दो तौल कांटे भी मौके से जब्त किए गए। इस दौरान यह भी पाया गया कि बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडरों को लाने-ले जाने और रिफिलिंग के काम में बुलेट का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने इस बुलेट गाड़ी को भी जब्त कर लिया। छापे के समय आरोपी मौके से फरार हो गया।

टीम ने गोदाम में रखे सभी सिलेंडर और उपकरण जब्त करते हुए अवैध भंडारण स्थल को सील कर दिया है। मामले में आवश्यक जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अंकुर गुप्ता, सुचित्रा दुबे और अजय अस्थाना सहित विभागीय दल मौजूद रहा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment