ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर में आगामी जनगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति के बाद अब शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मकानों की नंबरिंग का कार्य शुरू किया जा रहा है। करीब 15 साल बाद होने जा रही इस जनगणना के लिए फरवरी और मार्च में मकानों को क्रमवार नंबर दिए जाएंगे और उनके आधार पर ब्लॉक बनाए जाएंगे।
शहरी क्षेत्रों में वार्ड सीमा के भीतर तथा ग्रामीण इलाकों में गांव की सीमा के अनुसार ब्लॉक तैयार किए जाएंगे। एक ब्लॉक में 180 से 200 मकान और लगभग 750 से 800 की आबादी शामिल होगी। मकानों पर अलग-अलग रंग से नंबर लिखे जाएंगे, ताकि प्रगणकों को सर्वे में सुविधा हो।
पहले चरण में 1 से 31 मई के बीच मकानों की गणना की जाएगी। इसके लिए जिले में करीब 8 हजार प्रगणक और 1300 पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। इस दौरान 37 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी।
दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा, जिसमें आबादी की गणना की जाएगी। पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी और जानकारी आॅनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। नागरिकों को स्वयं गणना का विकल्प भी मिलेगा, जिसकी पुष्टि प्रगणक घर पहुंचकर करेंगे।