इंदौरी बदमाशों ने झपटी थी देवास-उज्जैन में चेन -3 महिलाओं को बनाया था निशाना, उज्जैन की 2 वारदातों का खुलासा

उज्जैन। फव्वारा चौक पर 12 दिन पहले हुई चेन स्नेचिंग की वारदात में इंदौर के बदमाश शामिल होना सामने आये है। बदमाशों ने चंद घंटो में देवास-उज्जैन में 3 वारदात को अंजाम दिया था। देवास पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर 3 स्नेचिंग का खुलासा किया है।
डाबरी पीठा में रहने वाले मुकेश नीमा फव्वारा चौक पर ड्रायफ्रूट की दुकान संचालित करते है। 5 अगस्त की रात वह पत्नी मनीषा के साथ पैदल टहलने निकले थे, उसी दौरान रात 11 बजे के लगभग बाइक सवार 2 बदमाशों ने फव्वारा चौक पर उनकी पत्नी के गले से ढाई तोला वजनी चेन झपट ली थी। बदमाश वारदात के बाद भाग निकले थे। कोतवाली थाना पुलिस सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों का पता लगाने में जुटी थी। 11 दिन बाद देवास सिविल लाइन पुलिस ने 5 अगस्त को उनके थाना क्षेत्र में हुई संतोषबाई पति सतीश सोनी 52 साल के साथ हुई मंगलसूत्र स्नेचिंग में शामिल इंदौर के रहने वाले 2 बदमाशों मोहम्मद जाबीर हुसैन उर्फ सत्तारिया उर्फ अठारिया पिता जाकीर 28 साल और रेहान पिता हनीफ शेख 20 साल को गिरफ्तार किया। दोनों बदमाशों से पूछताछ में देवास पुलिस के सामने आया कि देवास में वारदात करने के बाद उज्जैन गये थे, जहां उन्होने कोठीरोड पर दूसरी वारदात को अंजाम दिया और फिर फव्वारा चौक पर तीसरी वारदात करने के बाद इंदौर भाग निकले थे। देवास सिविल लाइन थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि बदमाशों को रिमांड पर लेने के बाद तीनों वारदातों में शामिल मंगलसूत्र और 2 चेन के साथ वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई है। उज्जैन पुलिस को वारदातों का खुलासा होने की सूचना दी गई है। कोतवाली और माधवनगर थाना पुलिस बदमाशों को पूछताछ के लिये प्रोटेक्शन रिमांड पर लेकर जायेगी।
एक बदमाश पर इंदौर में दर्ज 13 मामले
देवास पुलिस के खुलासे में सामने आया कि स्नेचिंग की वारदात में शामिल बदमाश मोहम्मद जाबीर हुसैन आदतन बदमाश है, उसके खिलाफ इंदौर में अलग-अलग थानों में 13 मामले दर्ज है। वह 2014 से वारदातों में शामिल है। पूर्व में भी स्नेचिंग और लूट की आधा दर्जन वारदातें कर चुका है।  मारपीट, हफ्ता वसूली और आर्म्स एक्ट के प्रकरण भी दर्ज है। उसका साथी रेहान शेख मूलरूप से बुरहानपुर का रहने वाला है, लेकिन काफी समय से इंदौर में किराये का मकान लेकर रह रहा है।
रात में महिलाओं को बनाते है निशाना
बताया जा रहा है कि बदमाश मोहम्मद जाबीर अपने अलग-अलग साथियों के साथ मिलकर चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देता है। वह रात के समय बाइक से निकलता है और सूनसान रास्तों पर महिलाओं को अकेला पाकर उनके गले से चेन-मंगलसूत्र झपट लेता है। देवास से उज्जैन के बीच करीब 3 घंटे में  3 वारदातों को अंजाम दिया था। बदमाशों की निशानदेही पर बरामद मंगलसूत्र और दो चेन 3 लाख कीमत की होना पाई गई है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment