आशा भोसले का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार आज

मुंबई के शिवाजी पार्क में शाम 4 बजे दी जाएगी मुखाग्नि, मल्टी-आॅर्गन फेल्योर से कल निधन हुआ

सिंगर आशा भोसले का आज 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। वे 92 साल की थीं।
आशा को कई मेडिकल समस्याएं होने के चलते शनिवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। यानी मल्टी-आॅर्गन फेल्योर के कारण उनकी मौत हुई।

आशा भोसले ने 82 साल के सिंगिंग करियर में 9 फिल्फमेयर समेत 100 से अधिक अवॉर्ड जीते। उन्हें देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। ऐसे में उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
10 साल की उम्र में गाया पहला गाना- आशा भोसले क्लासिकल सिंगर दीनानाथ मंगेशकर की बेटी और लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। जब वो सिर्फ 9 साल की थीं तब उनके पिता का निधन हो गया था। इस कारण लता की तरह आशा को भी कम उम्र में ही सिंगिंग की शुरूआत करनी पड़ी। आशा ने पहला गाना 10 साल की उम्र में गाया था।

आशा भोसले ने अपने करियर में 20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने गाए। उनके गाने ‘इन आंखों की मस्ती’, ‘दम मारो दम’, ‘पिया तू अब तो आजा’ और ‘चुरा लिया है तुमने’ आज भी लोकप्रिय हैं।
पीएम मोदी समेत कई लोगों ने दुख जताया- आशा भोसले के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी, शाहरुख खान, हेमा मालिनी समेत कई लोगों ने दुख जताया। नरेंद्र मोदी ने कहा, भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक आशा भोसले जी के निधन से मैं बेहद दुखी हूं। उनका असाधारण संगीत सफर, जो दशकों तक चला, हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करता रहा और दुनियाभर के अनगिनत दिलों को छू गया। चाहे उनकी भावपूर्ण धुनें हों या जीवंत रचनाएं, उनकी आवाज में एक कालातीत चमक थी। मैं उनके साथ हुई मुलाकातों को हमेशा संजोकर रखूंगा। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के साथ हैं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।

शाहरुख खान ने कहा, आशा ताई के निधन की खबर बेहद दुखद है। उनकी आवाज भारतीय सिनेमा के स्तंभों में से एक रही है और सदियों तक दुनियाभर में गूंजती रहेगी। वह ऐसी प्रतिभा थीं, जो समय से परे हैं। उन्होंने हमेशा मुझ पर अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखा, मैं उन्हें बहुत मिस करूंगा। रेस्ट इन पीस आशा ताई। लव यू।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment