ब्रह्मास्त्र मंदसौर
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में घूरकर देखने पर चाय पी रहे युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी ने युवक पर चाकू से कई वार किए। सीने में गहरे घाव हुए और अधिक खून बहने से मौके पर मौत हो गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के शुक्ला चौक का है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 21 वर्षीय साहिल पिता अय्यूब शाह, निवासी मदारपुरा के रूप में हुई है। हमले में रहीम (पिता मुन्ना शाह) भी घायल हुआ। आरोपी ने उसके हाथ और अन्य जगहों पर वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। परिजन के मुताबिक, साहिल शाम करीब 6:30 बजे यह कहकर घर से निकला था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा। कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर घर पहुंच गई। साहिल की शादी तीन महीने पहले हुई थी। वारदात के बाद परिवार में मातम है। मां शव को पकड़कर रोती रही।