उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र के न्यू अशोक नगर में रविवार सुबह आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला बाथरूम के अंदर फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान निर्मला (32) पति मायापुरी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गुना जिले के सुसनेर क्षेत्र की रहने वाली थी निर्मला ने मायापुरी नामक युवक से प्रेम विवाह किया था और वह वर्तमान में अपने पति मायापुरी के साथ ही उज्जैन में रह रही थी। बताया जाता है कि मायापुरी निर्मला से 6 साल छोटा है प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि निर्मला करीब आठ माह की गर्भवती थी।
सुबह दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला शव
पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह जब मायापुरी की नींद खुली तो बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर उसने दरवाजा तोड़ा तो निर्मला फंदे पर लटकी हुई मिली। इसके बाद उसने उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
जांच में सामने आया है कि निर्मला और मायापुरी ने प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि मायापुरी उम्र में निर्मला से करीब छह साल छोटा है और शहर के एक मैरिज गार्डन में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है।
गुना जाने वाले थे दोनों..
पति मायापुरी ने पुलिस को बताया कि दोनों को अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत मिलने वाली सरकारी राशि के संबंध में गुना जाना था। लेकिन उसे नौकरी से छुट्टी नहीं मिलने के कारण उसे गुना जाना कैंसिल करना पड़ा। इसी बात को लेकर शनिवार रात पति-पत्नी के बीच कहासुनी भी हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
सूचना मिलने पर नीलगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।