*हिन्दू समाज में रोष, धर्मांतरण गतिविधियों पर रोक की मांग को लेकर थाने पहुंचे लोग

टांडा (धार)।- धर्मांतरण गतिविधियों के विरोध को लेकर शनिवार को टांडा में हिंदू समाज का आक्रोश सामने आया। बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग भगवा पताका लेकर थाना परिसर पहुंचे और धर्मांतरण गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एएसआई रामदास सोलंकी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने क्षेत्र में कथित रूप से प्रलोभन, भय, धोखे अथवा अनुचित प्रभाव के माध्यम से धर्म परिवर्तन कराने के प्रयासों को लेकर चिंता जताई। हिंदू समाज ने कहा कि टांडा थाना क्षेत्र सहित आसपास के जनजातीय अंचलों में ऐसी गतिविधियों को लेकर स्थानीय नागरिकों और जनजातीय समाज की ओर से लगातार सूचनाएं सामने आ रही हैं। ज्ञापन में दावा किया गया कि पूर्व में भी धर्मांतरण से संबंधित दो शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
                                                              ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ स्थानों पर लोगों को एकत्रित कर प्रार्थना सभाएं आयोजित करने तथा झाड़-फूंक सहित विभिन्न माध्यमों का इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। हिंदू समाज ने प्रशासन से मांग की कि यदि जांच में जबरन, भय, धोखाधड़ी, अनुचित प्रभाव या प्रलोभन के माध्यम से धर्म परिवर्तन कराने जैसी गतिविधियां कानून के विरुद्ध पाई जाती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। कार्रवाई नहीं करने पर बड़ा आंदोलन की करने की बात कही गई। हिंदू समाज ने जनजातीय समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। साथ ही क्षेत्र में धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच करने की मांग की गई। ज्ञापन के दौरान लोगों में इस मुद्दे को लेकर खासा रोष देखने को मिला। हिन्दू समाज ने प्रशासन से मामले में गंभीरता बरतते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन का वाचन सुंदर सिंह चौहान ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग मौजूद रहे।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment