उज्जैन। हरिफाटक ब्रिज के पास रविवार 8 बजे के लगभग बड़ा हादसा हो गया। बारिश और हवा के बीच हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बाइक सवारों पर गिर गया। 2 युवक झटका लगते ही दूर चले गये। बाइक सवार के पैर में तार उलझ गया। करंट लगने से उसकी जान चली गई।
नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि हरिफाटक ब्रिज के पास क्षिप्रा होटल के सामने 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर बाइक सवार पर गिरने की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। बाइक सवार अचेत हो चुका था, बारिश की वजह से करंट फैल रहा था, तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी गई। करीब 25 से 30 मिनट में बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिजली सप्लाय बंद की गई। युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी मौत होना सामने आया। जांच के दौरान पता चला कि मृतक बाइक सवार आशिक उर्फ छोटू पिता अहमद नूर 35 साल निवासी तालोदा कालियादेह महल के पास का रहने वाला था। बाइक पर उसके 2 भतीजे सवार थे, तार टूटकर गिरते ही करंट लगने पर दोनों कूदकर दूर चले गये थे। आशिक के पैरों में तार फंस गया था। भतीजों से पूछताछ में पता चला कि आशिक ठेकेदारी करता था। काम से घर लौट रहे थे, इस दौरान गोल्डन पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिये रूके थे। पेट्रोल भरने के बाद निकले थे कि बारिश और हवा के बीच तार टूटकर गिरा। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में मर्ग कायम किया गया है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू की जायेगी।
जा सकती थी कई लोगों की जान
बाइक सवार पर टूटकर गिरे बिजली के तार के दौरान काफी तेज बारिश हो रही थी। उक्त मार्ग महाकाल मंदिर आने-जाने का सबसे व्यस्तम मार्ग है। गनीमत रही कि बारिश के चलते यातायात थम सा गया था। जिसके चलते कई लोगों की जान बच गई। लेकिन हादसे के बाद कुछ लोगों ने बाइक सवार के पास पहुंचने का प्रयास किया, करंट फैलने से वापस लौट आये। पुलिस ने भी आवाजाही रोक दी थी।
कुछ समय पहले डाली थी लाइन
बताया जा रहा है कि हरिफाटक ब्रिज मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते कुछ समय पहले ही बिजली विभाग द्वारा नई हाईटेंशन लाइन डाली गई थी। लोगों का कहना था कि नई लाइन का तार टूटकर गिरना बिजली विभाग की लापरवाही है। घटनाक्रम के बाद मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों ने सप्लाय बंद किया, जिसके चलते क्षेत्र अंधेरे में डूब गया था।
हरिफाटक ब्रिज के पास बाइक पर गिरा बिजली का तार -आधे घंटे में पहुंचा बिजली विभाग, युवक की मौत