सूना मकान देख नाबालिग ने दिया था चोरी को अंजाम -चार दिन में खुलासा, 90 हजार के आभूषण बरामद

उज्जैन। सूने मकान में हुई चोरी का सुराग सीसीटीवी कैमरों से मिलते ही पुलिस ने नाबालिग को पकड़ा। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर 90 हजार के आभूषण और 6 हजार रूपये नगद बरामद किये गये है।
जयसिंहपुरा गणेश कालोनी में सूने मकान से सोने का लॉकेट, चांदी का कंदौर और नगद राशि चोरी होने का मामला 17 सितंबर को महाकाल थाना पुलिस के पास पहुंचा था। मकान में रहने वाली ममता पति मनोज अटनेरिया ने बताया कि वह प्रायवेट काम करती है और 16 सितंबर को शहर से बाहर सारंगपुर गई थी।  वापस लौटने पर चोरी का पता चला। थाना प्रभारी गगन बादल ने चोरी में शामिल बदमाशों का पता लगाने के लिये प्रधान आरक्षक शैलेष योगी, आरक्षक शशांक बनाफर को अलर्ट किया। गणेश कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गये। जिसमें संदेही नाबालिग दिखाई दिया, जो गणेश कालोनी का रहने वाला सामने आया। उसे पकड़ा गया और पूछताछ शुरू की गई। उसने पहले पुलिस को बरगलाने का प्रयास किया उसका कहना था कि मकान उसका ही है, ममता आंटी किराये से रहती है। लेकिन फुटेज के आधार पर संदेह बना होने पर उससे मनोवैज्ञानिक तरीके से जानकारी जुटाई गई। उसने चोरी करना कबूल कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग की निशानदेही पर 10 ग्राम सोने का लॉकेट और 300 ग्राम वजनी चांदी का कंदौर बरामद किया गया है। 15 सौ रूपये नगद भी मिले है। बरामद आभूषणों की कीमत 90 हजार रूपये है। मामले में नाबालिग के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment