उज्जैन। कार सवारों के बाद मिले 53 किलो गांजे के मामले में सप्लायर को गिरफ्तार करने के बाद तस्कर की तलाश में पुलिस की टीम ओडिशा पहुंची थी, लेकिन तस्कर का सुराग नहीं मिल पाया। सोमवार को सप्लायर की रिमांड अवधि खत्म होने पर उसे जेल भेजा गया है।
चिमनगंज थाना पुलिस ने 22 अगस्त को कानीपुरा मार्ग से बिना नम्बर की कार में सवार आदर्श नायक, साहिल हेला और तेजस वर्मा को गिरफ्तार किया था। जिनके पास से 53 किलो 327 ग्राम गांजा मिला था। पूछताछ में तीनों ने ओडिशा से गांजा लाना बताया था। पुलिस की टीम ओडिशा पहुंची थी और भुवनेश्वर से गांजा उपलब्ध कराने वाले सचिन उर्फ जतीन पिता प्रकाशचंद्र डिगल को गिरफ्तार कर उज्जैन लाई थी। उसने मुख्य गांजा तस्कर खनेश्वर प्रधान का नाम कबूला था। पुलिस ने सचिन उर्फ जतीन को 8 दिनों की रिमांड पर लिया था और उसे ओडिशा लेकर पहुंची थी, जहां खनेश्वर प्रधान की तलाश में उसके ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। रविवार रात टीम वापस लौट आई थी। एसआई दिनेश भट्ट ने बताया कि गांजा सप्लायर का रिमांड खत्म होने पर उसे सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। मुख्य तस्कर की तलाश जारी है, सुराग मिलने पर फिर से ओडिशा में दबिश दी जायेगी।
रोशन गुर्जर को भी भेजा जेल
एमडी ड्रग्स मामले में फरार चल रहे बदमाश रोशन गुर्जर ने 2 सितंबर को एनडीपीएस कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। नीलगंगा थाना पुलिस ने पूछताछ के लिये 4 दिन की रिमांड पर लिया था, जिससे ड्रग्स संबंधित पूछताछ की गई, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण जानकरी सामने आई है। रिमांड खत्म होने पर उसे जेल भेजा गया है। एसआई वेदप्रकाश साहू ने बताया कि बदमाश के खिलाफ पूर्व पत्नी को पिस्टल दिखाकर धमकाने का मामला भी दर्ज है। उक्त मामले में पूछताछ के लिये उसे न्यायालय की अनुमति से दोबारा पूछताछ के लिये जेल से प्रोटेक्शन रिमांड पर लाया जायेगा।
000000000000
सप्लायर को भेजा जेल, नहीं मिला गांजा तस्कर