उज्जैन । बुधवार को एक बार फिर से खडे हनुमान मंदिर बडा सराफा को लेकर हिन्दु समाज एकत्रित हुआ और मंदिर को यथावत रखे जाने की मांग को दोहराया है। इसे लेकर राजाधिराज बाबा श्री महाकालेश्वर के नाम संबोधित प्रार्थन पत्र रूपी ज्ञापन शहर एसडीएम एलएन गर्ग को मुख्यमंत्री के लिए सौंपा गया है। इस दौरान संतों की उपस्थिति में कई संस्थाओं के प्रतिनिधि यहां जूटे जिसमें बडी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रही है।
बुधवार दोपहर 12 बजे उपरांत खडे हनुमान मंदिर पर सकल हिन्दु समाज की और से आयोजित कार्यक्रम में शहर भर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग जूटे थे। बडी संख्या में पहुंचे हिन्दु धर्मावलंबियों ने यहां संतों की उपस्थिति में दो बार हनुमान चालीसा का पाठ किया और उसके उपरांत संतों की मौजूदगी में जिला प्रशासन के नुमाइंदे को मंच पर बुलाकर अपनी बात रखते हुए प्रार्थना पत्र रूपी ज्ञापन सौंपा गया।
महेश आंजना ने सौंपा एसडीएम को ज्ञापन-
सकल हिन्दु समाज की और से महेश आंजना ने एसडीएम एल एन गर्ग को ज्ञापन सौंपते हुए सभी की मांगों को दोहराया। इस दौरान संतों के साथ विश्व हिन्दु परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री खगेन्द्र भार्गव भी उपस्थित रहे। बकौल एसडीएम गर्ग ज्ञापन में मंदिर को यथावत रखे जाने की मांग की गई है। बाबा महाकालेश्वर के नाम ज्ञापन मुझे मुख्यमंत्री जी के लिए सौंपा गया। वैधानिक प्रक्रिया के साथ ज्ञापन मुख्यमंत्री जी के लिए भेजा जा रहा है।
प्रार्थना पत्र रूपी ज्ञापन कुछ ऐसा रहा-
ज्ञापन में कहा गया है कि सिंहस्थ नगरी उज्जयिनी में महाकुंभ हेतु विभिन्न विकास कार्य प्रचलित है इसके लिए आप साधुवाद के पात्र है। विश्व हिन्दू परिषद व सकल हिन्दू समाज आपका हृदय से आभार व्यक्त करता ।
आगे जगत विख्यात तथ्य है कि उज्जैन के बड़ा सराफा क्षेत्र में विराजित श्री खड़े हनुमान मन्दिर को अब तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य के दौरान अन्यत्र विस्थापित किये जाने के संबंध में भांति-भांति की जानकारियां प्रशासन की ओर से सामने आ रही है जबकि समग्र हिन्दू समाज की भावना यही है कि भगवान यहीं पर विराजित रहे। डॉक्टर हनुमानजी के नाम से प्रसिद्ध बाबा श्री खड़े हनुमानजी के दर्शनार्थ, स्वास्थ्य लाभ, कल्याण हेतु दूरदराज से प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु आते है और यहां भगवान की चरण रज को स्पर्श करने वाले को मोरपंखों से आशीष दिया जाता है वह अतुलित है। मंदिर पर अब नित प्रति श्रद्धालुओं की संख्या हजारों की संख्या में पहुंच चुकी है और यह तथ्य देश विदेश तक पहुंचकर देश भर से श्रद्धालु दर्शन पूजन को आ रहे है। यह भी ध्यान आकर्षित करना चाहते है कि इस मार्ग चौड़ीकरण में असंख्यक बहुसंख्यक धर्मस्थलों को विस्थापित किया जा चुका है परंतु समग्र हिन्दू समाज ने इसका विरोध नहीं किया, परंतु अब प्रश्न करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, श्रद्धा और भावना का उत्पन्न हो गया है।
यह भी बात सामने आ रही है कि बाबा की प्रतिमा के आसपास की समस्त संरचनाएं प्रशासन द्वारा हटाई जा चुकी है लेकिन प्रतिमा के संबंध में प्रशासन के प्रयास नाकाम हो चुके है ईश्वर इच्छा क्या है यह प्रशासन समझ चुका है परंतु अब मात्र आपके ही योग्य निर्देशों के पश्चात भगवान को यथास्थान विराजित रखे जाने को लेकर अंतिम निर्णय होकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है। सिर्फ और सिर्फ आप बाबा महाकालेश्वर ही बहुसंख्यकों की भावनाओं को समझकर उसका सम्मान कर सकते है। समग्र हिन्दू समाज की आशा युक्त दृष्टि आपकी ओर है और सभी के चक्षु आपके एक ऐतिहासिक निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे है।
अतएव विहिप और समग्र हिन्दू समाज आपसे विनती करता है कि कृपया भगवान श्री खड़े हनुमानजी की प्रतिमा को यथास्थिति रखा जाने हेतु प्रभावी निर्देश दिये जाने की कृपा प्रार्थनीय है।