उज्जैन। मंगलनाथ रोड स्थित गंगाघाट श्री मौन तीर्थ पीठ के पीठाधीश्वर और निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी एक पत्र के जरिए दी गई है। इसमें उदयपुर के टेलर और दिल्ली में हाल ही में ईद के मौके पर युवक की हुई हत्या जैसा हश्र करने की धमकी दी गई है।गंगाघाट श्री मौन तीर्थ पीठ पर यह धमकी भरा पत्र सोमवार को पहुंचा। मंगलवार को जब इसे खोला गया तो पता चला कि उसमें हाथ से लिखा एक पत्र है, जिसमें महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि के लिए धमकी भरे शब्द लिखे गए हैं।पत्र उत्तर प्रदेश के महू शहर से भेजा गया है। पत्र में नबी की शान में गुस्ताखी का जिक्र करते हुए जहन्नुम पहुंचाने की धमकी दी गई है। साथ ही लिखा गया है कि “तुझे मोदी और मोहन कोई नहीं बचा सकेगा।” पत्र मिलने के बाद महामंडलेश्वर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज ने बताया कि पत्र सोमवार शाम को मिला था। इसकी जानकारी उज्जैन एसपी को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि सनातन के लिए लगातार काम करने के कारण उन्हें इस तरह की धमकियां मिल रही हैं। इससे पहले उन पर बड़ौदा और उज्जैन में भी हमला हो चुका है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई है।
महामंडलेश्वर को जान से मारने की धमकी:पत्र में लिखा-अब तेरी बारी :शिकायत दर्ज कराई