महानंदानगर में कार के कांच फोड़ने वाले युवक पकड़ाये

उज्जैन। महानंदानगर में 13 सितंबर को तड़के 4 बजे बाइक पर सवार आधा दर्जन युवकों ने बैंककर्मी की कार के कांच फोड़ दिये थे। युवकों की बाइक का नम्बर सामने आने पर पुलिस ने गुरूवार को 3 नाबालिगों के साथ 3 युवकों को गिरफ्तार किया है।
नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि 13 सितंबर को महानंदानगर में रहने वाले बैंककर्मी अर्पित पिता सोहनलाल पंड्या ने तड़के 4 बजे घर के बाहर शोर-शराब होने की आवाज सुनी थी, वह बाहर निकलकर आये, कुछ युवक हंगामा कर रहे थे। उन्होने हंगामा करने की वजह पूछी तो युवकों ने घर के बाहर खड़ी कार पर पथराव कर कांच फोड़ दिये थे और भाग निकले थे। अर्पित ने एक बाइक का नम्बर देख लिया था और सुबह लिखित शिकायत आवेदन के माध्यम से की थी। पुलिस ने मामला जांच में लिया था। बाइक नम्बर के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास शुरू कर गुरूवार को 3 नाबालिगों के साथ मंथन हिरवे निवासी अलखधाम नगर, ईशान यादव महावीर बाग और वेदांश कुमावत निवासी अवंतिपुरा का गिरफ्तार किया गया। सभी 6 युवक 3 गाडियों पर सवार होकर महानंदानगर पहुंचे थे। पूछताछ में उनका कहना था कि वह चाय पीने देवासगेट जा रहे थे, साथी रास्ता भटक गये थे, जिसके चलते आवाज लगा रहे थे, गलती से कार के कांच फोड़ दिये थे। पुलिस के अनुसार सभी को नोटिस तामिल कराकर रिहा गया है।
मक्सीरोड के बदमाश गिरफ्त से दूर
6 सितंबर की रात मक्सीरोड किशनपुरा मार्ग पर नगर निगम जोन के पास खड़ी कार के कांच भी अज्ञात बदमाशों ने फोड़ दिये थे। कार मालिक ने मामले की शिकायत माधवनगर थाना पुलिस को दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस अब तक कांच फोड़ने वाले बदमाशों का पता नहीं लगा पाई है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment